राष्ट्रीय

‘DMK ने मूर्खतापूर्ण व्यवहार किया, विपक्ष के पास कोई नीति नहीं’ क्यों भड़क गए केंद्रीय मंत्री?

संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सियासी घमासान जारी है। इस मामले पर केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विपक्षी दलों पर हमला बोला है।

2 min read
Apr 19, 2026
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी (Photo- IANS)

संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव खारिज होने पर सियासी घमासान जारी है। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से एक शानदार फॉर्मूला पेश किया था, लेकिन विपक्ष ने इसे खारिज करके देश के साथ अन्याय किया है।

ये भी पढ़ें

‘हमारा हौसला बुलंद है, इरादा अटूट है’ PM मोदी ने जन धन योजना, तीन तलाक, UCC समेत कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा

संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव महत्वपूर्ण कदम

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उदाहरण देते हुए बताया कि संसद में आंध्र प्रदेश में वर्तमान 25 सीटों को बढ़ाकर 38 करने, कर्नाटक की 28 सीटों को बढ़ाकर 42 करने तथा तमिलनाडु की 39 सीटों को बढ़ाकर 59 करने का प्रस्ताव रखा गया था। यह प्रस्ताव क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।

DMK ने मूर्खतापूर्ण व्यवहार किया

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव का तमिलनाडु में DMK ने विरोध किया। DMK के सांसदों ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए संसद में काले कपड़े और काले झंडे दिखाकर मूर्खतापूर्ण व्यवहार किया। केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास इससे बेहतर कोई फार्मूला है तो वे उसे सामने रखें।

रेड्डी ने कहा कि हमने स्वयं विपक्ष से लिखित प्रस्ताव देने को कहा था और उसे समर्थन देने की बात भी कही थी, लेकिन विपक्ष ऐसा करने में असफल रहा। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने की राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनके पास कोई ठोस नीति या वैकल्पिक योजना नहीं है।

दक्षिण भारत को बांटने के आरोप निराधार

दक्षिण भारत को बांटने को लेकर लग रहे राजनीतिक आरोपों का भी केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने जवाब दिया है। मंत्री ने कहा कि भाजपा पर उत्तर और दक्षिण भारत को बांटने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। भाजपा और NDA का लक्ष्य सभी राज्यों के साथ समान न्याय करना है। दक्षिण भारत में भाजपा अपनी स्थिति मजबूत कर रही है। भाजपा हर गांव और हर गली तक पहुंचेगी और जनता के बीच अपनी नीतियों को लेकर जाएगी।

जनाधार खो चुकी कांग्रेस

जी. किशन रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कई राज्यों में अपना जनाधार खो चुकी है। कांग्रेस को चुनावों में जमानत बचाना भी मुश्किल हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया है कि यदि महिलाएं जागरूक होकर कांग्रेस के खिलाफ खड़ी हो गईं तो उन्हें बड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा। भाजपा और NDA देशभर में महिलाओं तक पहुंचकर संवाद स्थापित करने का अभियान भी चलाएंगे।
रेड्डी ने बताया कि हाल ही में रेल बजट के दौरान 7 बड़ी रेल परियोजनाओं और हाई-स्पीड एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है। इनमें हैदराबाद से पुणे, हैदराबाद से बेंगलुरु और हैदराबाद से चेन्नई के बीच हाई-स्पीड कॉरिडोर शामिल हैं, जिन पर लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। ये परियोजनाएं दक्षिण भारत के विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया, मलिंगा-नीतीश ने की शानदार गेंदबाजी
Also Read
View All