
Bengal Bypoll: पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीट नंदीग्राम और रेजीनगर पर उपचुनाव होने हैं। इन दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। बीजेपी और टीएमसी के दोनों गुटों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने नंदीग्राम से हासीरानी रथ और रेजीनगर से शाखारव सरकार को प्रत्याशी बनाया है।
बता दें कि हासिरानी रथ बंगाल के सीएम शुभेन्दु अधिकारी के पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने नई रणनीति अपनाई थी। वहीं रणनीति को अब उपचुनाव में भी अपना रही है। प्रदेश में चर्चित केस के पीड़ित लोगों को बीजेपी टिकट दे रही है। यह पहली नहीं है जब बीजेपी ने किसी पीड़ित को टिकट दिया है। इससे पहले विधानसभा चुनाव में आरजी कर पीड़िता की मां को पानीहाटी विधानसभा सीट से बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया था। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा कर पीड़िता की मां के लिए वोट मांगे थे। उन्होंने इस सीट पर जीत हासिल की थी।
इसके अलावा लोकसभा चुनाव 2024 में संदेशखाली की पीड़िता को भी चुनावी मैदान में उतारा था। पार्टी ने उन्हें बशीरहाट से प्रत्याशी बनाया था। हालांकि लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं बीजेपी ने विधानसभा चुनाव 2026 में दोबारा संदेशखाली पीड़िता को अपना प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में उन्हें जीत मिली। वहीं अब चंद्रनाथ रथ की मां को भी टिकट दिया है। बीजेपी का मानना है कि प्रदेश में चर्चित केस के पीड़ितों को यदि प्रत्याशी बनाया जाता है, तो उन्हें जीत मिलने की संभावना ज्यादा है। साथ ही लोगों के बीच यह भी संदेश देना चाहती है कि पार्टी पीड़ितों के साथ है।
नंदीग्राम को टीएमसी का गढ़ माना जाता था। लेकिन विधानसभा चुनाव 2021 में शुभेन्दु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था। इसके बाद इस सीट पर बीजेपी का कब्जा हो गया। 2026 विधानसभा चुनाव में भी शुभेन्दु अधिकारी ने यहां से जीत हासिल की थी।
विधानसभा चुनाव 2026 में शुभेन्दु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीटों पर अधिकारी को जीत मिली थी। इसके बाद शुभेन्दु अधिकारी ने नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। जिसके कारण यह सीट खाली हो गई। वहीं हुमायूं कबीर के रेजीनगर सीट छोड़ने के कारण यहां पर उपचुनाव हो रहे हैं।
दोनों विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए टीएमसी के दोनों गुटों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतार दिए है। ऋतब्रत बनर्जी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउद्दीन शेख को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया है।