राष्ट्रीय

कौन है पिनाकी मिश्रा जिनसे शादी के बंधन में बंधी TMC की महुआ मोइत्रा?

Mahua Moitra and Pinaki Misra Secret Wedding: TMC सांसद महुआ मोइत्रा की शादी हो गई है, उन्होंने BJD से सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा के साथ शादी की है। आइए जानते है कौन है पिनाकी मिश्रा और कैसा रहा उनका राजनीतिक करियर।

3 min read
Jun 05, 2025
पिनाकी मिश्रा ने महुआ मोइत्रा संग रचाई शादी (ANI)

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेज-तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra ) ने बीजू जनता दल (BJD) के पूर्व सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता पिनाकी मिश्रा (Pinaki Misra) के साथ शादी रचाई है। यह शादी 3 मई 2025 को जर्मनी में एक निजी समारोह में हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रही हैं। हालांकि, इस शादी की आधिकारिक पुष्टि न तो महुआ मोइत्रा और न ही पिनाकी मिश्रा की ओर से की गई है। आइए जानते हैं, कौन हैं पिनाकी मिश्रा, जिन्हें महुआ मोइत्रा ने अपना जीवनसाथी चुना।

पिनाकी मिश्रा का परिचय

पिनाकी मिश्रा का जन्म 1959 में हुआ वह एक जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता और बीजू जनता दल (BJD) के प्रमुख नेता रहे हैं। वे ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से चार बार सांसद रह चुके हैं। उनका राजनीतिक और कानूनी करियर करीब तीन दशक से अधिक का रहा है। पिनाकी ने अपनी पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से की, जहां से उन्होंने इतिहास में स्नातक और फिर लॉ की डिग्री हासिल की। सुप्रीम कोर्ट में वकालत के क्षेत्र में उनकी गहरी पकड़ और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उन्हें खास पहचान दिलाई।

राजनीतिक सफर

पिनाकी मिश्रा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। 1996 में उन्होंने पुरी लोकसभा सीट से तत्कालीन केंद्रीय मंत्री ब्रज किशोर त्रिपाठी को हराकर पहली बार सांसद का चुनाव जीता। बाद में वे BJD में शामिल हो गए और 2009, 2014 और 2019 में पुरी से लगातार सांसद चुने गए। 2019 में उन्होंने बीजेपी के संबित पात्रा को हराया था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में BJD ने उनका टिकट काट दिया, जिसके बाद यह सीट बीजेपी के खाते में चली गई। पिनाकी मिश्रा को BJD में नवीन पटनायक के करीबी नेताओं में गिना जाता था। वे संसद में कई महत्वपूर्ण समितियों, जैसे वित्त, कार्मिक, और सिविल एविएशन की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य रहे हैं।

कानूनी करियर

राजनीति के अलावा, पिनाकी मिश्रा सुप्रीम कोर्ट के एक सफल और वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनकी कानूनी विशेषज्ञता और संविधान पर गहरी समझ के कारण वे संसद में भी प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि महुआ मोइत्रा के खिलाफ चले "कैश फॉर क्वेरी" मामले में पिनाकी मिश्रा ने ही सुप्रीम कोर्ट में उनकी पैरवी की थी।

65 की उम्र में दूसरी शादी

65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 1984 में संगीता मिश्रा से हुई थी, जो एक जानी-मानी वकील हैं। इस दंपति के दो बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं। अब पिनाकी ने 50 वर्षीय महुआ मोइत्रा के साथ दूसरी शादी रचाई है। उनकी संपत्ति की बात करें तो 2019 के लोकसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे के अनुसार, पिनाकी मिश्रा की कुल संपत्ति 117.47 करोड़ रुपये थी, जिसमें 89.87 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 27.60 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल थी। उनके पास ह्यूंडई क्रेटा, मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारें और 28 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी भी थी।

कौन है महुआ मोइत्रा?

महुआ मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 में हुआ। महुआ पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से दो बार की लोकसभा सांसद हैं। वे अपने बेबाक बयानों और मजबूत विपक्षी रुख के लिए जानी जाती हैं। महुआ की यह भी दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से हुई थी, जो तलाक में खत्म हो गई। इसके बाद वे वकील जय अनंत देहदराई के साथ रिलेशनशिप में थीं, जो बाद में विवादों में घिर गया। महुआ का पहला कार्यकाल "कैश फॉर क्वेरी" मामले के कारण विवादों में रहा, जिसके चलते उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। हालांकि, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में इसे चुनौती दी और 2024 में फिर से कृष्णानगर सीट से जीत हासिल की।

शादी को लेकर चर्चा

महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा की शादी की खबर सबसे पहले द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के जरिए सामने आई, जिसमें जर्मनी के बर्लिन में ब्रैंडनबर्ग गेट के सामने खींची गई एक तस्वीर का जिक्र है। इस तस्वीर में महुआ पारंपरिक परिधान और सोने के गहनों में सजी हुई हैं, जबकि पिनाकी उनका हाथ थामे नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस जोड़े की तस्वीरें वायरल होने के बाद लोगों में उनके रिश्ते को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

Also Read
View All

अगली खबर