राष्ट्रीय

WHO Report: भारतीय महिलाएं पुरुषों से ज्यादा जीती हैं, लेकिन 11 साल बीमारी में गुजरते हैं

Indian women healthy life expectancy: डब्ल्यूएचओ के अनुसार भारतीय महिलाएं पुरुषों की तुलना में अधिक उम्र तक जीवित रहती हैं, लेकिन उनका स्वस्थ जीवन लगभग बराबर ही रहता है। एनीमिया, पोषण की कमी और स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही के कारण महिलाएं जीवन के करीब 11 वर्ष खराब स्वास्थ्य के साथ बिताती हैं।
less than 1 minute read
Jul 13, 2026
who report
11 साल खराब स्वास्थ्य से जिंदगी बिताती है महिलाएं (Photo-AI)

WHO Report: भारत में महिलाएं पुरुषों की तुलना में अधिक उम्र तक जी रही हैं, लेकिन स्वस्थ जीवन के मामले में यह बढ़त लगभग खत्म हो जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार भारतीय महिलाओं की औसत आयु 69 वर्ष और पुरुषों की 65.5 वर्ष है। हालांकि, महिलाएं औसतन 58.3 वर्ष और पुरुष 58 वर्ष स्वस्थ जीवन जी पाते हैं।

इसका मतलब है कि महिलाएं अपने जीवन का करीब 15.5 प्रतिशत हिस्सा खराब स्वास्थ्य के साथ बिताती हैं, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 11.9 प्रतिशत है। यानी महिलाओं के जीवन के लगभग 11 वर्ष बीमारी, कमजोरी या स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में गुजर जाते हैं।

श्रेणीऔसत आयु (Years)स्वस्थ जीवनकाल (Years)
महिलाएं6958.3
पुरुष65.558

एनीमिया सबसे बड़ी चुनौती

महिलाओं के स्वास्थ्य पर सबसे बड़ा असर एनीमिया का है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के मुताबिक 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की 57 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, पुरुषों में यह अनुपात करीब 25 प्रतिशत है। एनीमिया के कारण थकान, कमजोरी, संक्रमण का खतरा और गर्भावस्था संबंधी जटिलताएं बढ़ जाती हैं।

पोषण की कमी बढ़ा रही समस्या

विशेषज्ञों के अनुसार आयरन, विटामिन बी-12 और विटामिन-D की कमी, असंतुलित खान-पान, गरीबी और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही महिलाओं के कमजोर स्वास्थ्य की प्रमुख वजहें हैं। इसका असर कामकाज की क्षमता, मातृ स्वास्थ्य, बच्चों के विकास और बढ़ती उम्र में हड्डियों की मजबूती पर पड़ता है।

समाधान क्या है?

विशेषज्ञ महिलाओं के लिए संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हैं। हरी सब्जियां, दालें, फल और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन तथा बचपन से लड़कियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना इस समस्या से निपटने के महत्वपूर्ण उपाय माने जा रहे हैं।

Updated on:
13 Jul 2026 06:50 am
Published on:
13 Jul 2026 06:50 am