नई दिल्ली

दिल्ली में झमाझम बारिश से थम गई रफ्तार, 18 उड़ानें रद्द और 166 प्रभावित; IMD ने क्या कहा

Delhi Rains: भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
2 min read
Delhi NCR Rain News
दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। फोटो सोर्स- PTI

Delhi Rain Update: राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी हुई तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों और व्यस्त सड़कों पर मंगलवार सुबह से ही जलभराव हो गया। सड़कें पानी में डूब गईं और कई जगह वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई।

दिल्ली एयरपोर्ट पर भी बारिश का असर

भारी बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 18 उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि 166 उड़ानों में देरी हुई है।

इससे पहले सोमवार को भी खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति काफी प्रभावित हुई थी। सोमवार को 26 उड़ानें रद्द, 15 उड़ानें दूसरे शहरों के लिए डायवर्ट की गईं, जबकि 390 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई।

AIIMS से सुप्रीम कोर्ट तक जलभराव

दिल्ली के कई महत्वपूर्ण इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। राम मनोहर लोहिया अस्पताल, AIIMS, अशोका रोड और सुप्रीम कोर्ट के आसपास भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

AIIMS के पास फ्लाईओवर के लूप पर भारी जलभराव होने से यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। वहीं कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से सटे बाबा खड़क सिंह मार्ग पर भी वाहन पानी के बीच से गुजरते दिखाई दिए।

इसके अलावा संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, ITO, आरके पुरम और फिरोजशाह रोड समेत दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई।

दिल्ली-NCR में ट्रैफिक पर असर

भारी बारिश के कारण दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के कई इलाकों में भी यातायात प्रभावित हुआ। सोमवार की बारिश के बाद दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के कई हिस्सों में सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया था। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। मंगलवार को भी बारिश जारी रहने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली में सामान्य से ज्यादा बारिश

लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली में इस मानसून सीजन की बारिश सामान्य से ऊपर पहुंच गई है। 24 अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में 246.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 191.1 मिमी होती है। यानी यहां सामान्य से 29 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। ऐसा ही हाल पालम में रहा, जहां 227.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक है। लोधी रोड में 233.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 22 प्रतिशत ज्यादा है। रिज क्षेत्र में 243 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक है। वहीं अयानगर में 266.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 66 प्रतिशत ज्यादा है।

IMD ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में बारिश से फिलहाल पूरी राहत मिलने के आसार कम हैं। IMD के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की भी संभावना है। इसके अलावा गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के अलावा एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों इलाकों में भी आगे बारिश होने की संभावना है। वहीं, नोएडा में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल शहर के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।

Updated on:
25 Aug 2026 01:48 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:43 pm