नई दिल्ली

‘पापा को बलि का बकरा बनाया गया’, दिल्ली अग्निकांड में अरेस्ट हुए कुक की बेटी ने पिता को बताया निर्दोष

Keshav Negi Arrest: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में गिरफ्तार कुक केशव नेगी की बेटी कनिष्का ने अपने पिता को निर्दोष बताया है। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता ने आग बुझाने और लोगों की जान बचाने की कोशिश की थी।

2 min read
Delhi Hotel Fire Case
दिल्ली अग्निकाड में कुक की गिरफ्तारी के बाद बेटी ने बताया घटनाक्रम (Photo-IANS/Snapgrab)

Delhi Hotel Fire Case: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड के मामले में शनिवार को होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि आग लगने के बाद वह होटल का मेन बिजली स्विच बंद कर वहां से चला गया था, जिसके चलते होटल के इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे लॉक होने की आशंका जताई गई। हालांकि अब इस मामले में केशव नेगी के परिवार का पक्ष सामने आया है।

उनकी बेटी कनिष्का नेगी ने दावा किया है कि उनके पिता को बलि का बकरा बनाया जा रहा है और उन्हें गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। कनिष्का का कहना है कि उनके पिता निर्दोष हैं और उन्होंने आग बुझाने के साथ-साथ लोगों की जान बचाने की भी कोशिश की थी। उधर, केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक विवाद भी गहरा गया है और मामले की निष्पक्षता पर प्रश्न खड़े किए जा रहे हैं।

बेटी ने पिता को बताया निर्दोष

निजी चैनल से बातचीत के दौरान कनिष्का नेगी ने बताया कि जब होटल में आग लगी तब उनके पिता किचन में ही काम कर रहे थे। उनके मुताबिक किचन में काफी बिजली का सामान और गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने शुरुआत में आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन जब धुआं बहुत ज्यादा हो गया और वहां रुकना मुश्किल हो गया तो उन्हें बाहर निकलना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता और होटल मैनेजर ने तुरंत होटल मालिक को फोन करके घटना की जानकारी दे दी थी।

लोगों की मदद भी की थी

आगे उन्होंने कहा कि वहां से बाहर निकलने के बाद बी वह भागे नहीं थे। उन्होंने बाहर निकलकर होटल में फंसे लोगों की मदद करने की पूरी कोशिश की थी। कनिष्का नेगी ने दावा किया कि जो लोग आग और धुएं से बचने के लिए खिड़कियों से कूद रहे थे, उन लोगों को बचाने के लिए नेगी ने जमीन पर गद्दे बिछाने में भी मदद की थी। ताकि ऊपर से कूद रहे लोगों को ज्यादा चोट न लगे।

मुख्यमंत्री धामी ने दिलाया सहायता का भरोसा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केशव नेगी के परिवार से संपर्क किया। उन्होंने कनिष्का नेगी से बातचीत कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी चर्चा की और निष्पक्ष जांच की मांग रखी। धामी ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और पूरी प्रक्रिया कानून के अनुसार आगे बढ़नी चाहिए।

नेगी का परिवार चिंता में

पौड़ी जिले के थलीसैण ब्लॉक के रिखोली गांव के रहने वाले केशव नेगी पिछले कई सालों से रोजगार के लिए दिल्ली में रह रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद परिवार चिंता में है। परिजनों का कहना है कि वे मेहनती आदमी हैं और लंबे समय से होटल उद्योग में कार्य कर रहे हैं। गांव के लोगों ने भी उनके प्रति सहानुभूति व्यक्त की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी कर्मचारी को सीधे जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की मांग की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी यही कहा कि सभी तथ्यों को सामने लाकर निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।

Published on:
08 Jun 2026 10:04 am