
Delhi Mangolpuri Murder: दिल्ली के आउटर डिस्ट्रिक्ट के मंगोलपुरी के राज पार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक वारदात हुई। जानकारी के अनुसार पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने घर के बाहर दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 45 साल के महेश की मौत हो गई और उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में परिवार वालों ने पुलिस पर आरोप लगाए हैं और हमले को लेकर कई दावे किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब दोनों भाई अपने घर के पास मौजूद थे। तभी 4 से 5 लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे भाई का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
महेश की पत्नी का कहना है कि उनके ताया ससुर की मृत्यु हो गई थी, इसलिए महेश और उसके भाई घर के बाहर थे और वहीं पर पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बतया कि एक साल पहले उनकी पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था और इसके चलते पहले भी हमले हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले हुए दो हमलों में उनकी ननद और देवर पर हमला हो चुका है। आगे उन्होंने कहा कि पुलिस पैसे खाकर बैठी है और इसी वजह से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं घायल हुए भाई ने बताया कि पड़ोसियों ने हमला उन पर पहले किया था और उसी को बचाने के लिए महेश बीच में आए थे और अब उनकी मौत हो गई है। उन्होंने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आगे कहा कि पड़ोसी चाहते हैं कि हम घर बेचकर चले जाएं।
घटना की सूचना मिलते ही राज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के डीसीपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।