
हाल ही में आकृति की मौत दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित एक इमारत से गिरने के कारण हुई। फोटो सोर्स-IANS
Delhi Love Marriage Case: कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी यही प्यार और भरोसा किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसका एक डरावना चेहरा देश की राजधानी दिल्ली में सामने आया है। महज 72 दिन पहले जिस लड़की ने अपनी स्कूल की सहेली के भाई से बड़े अरमानों के साथ लव मैरिज की थी, लेकिन हाल ही में उसकी संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 28 साल की आकृति सुतार की कहानी अब सिर्फ एक शादीशुदा महिला की मौत का मामला नहीं रह गई है, बल्कि यह घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और सनक की वो दास्तान है जिसने एक हंसती-खेलती लड़की को लील लिया।
आकृति छतरपुर की एक कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव थी। पिता की मौत के बाद अपनी मां और छोटे भाई की रीढ़ की हड्डी वही थी। शादी से पहले यह साफ था कि वह नौकरी जारी रखेगी ताकि अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सके। शुरुआत में सब राजी थे, लेकिन सात फेरे लेते ही पति अरस्तु सिक्का और ससुराल वालों का रंग बदल गया। उन पर दबाव बनाया जाने लगा कि 'नौकरी छोड़ो और बच्चा पैदा करो।' एक आत्मनिर्भर लड़की को घर की चारदीवारी में कैद करने की साजिशें शुरू हो गईं।
आकृति की मां अनु ने जो आपबीती पुलिस को बताई है, वो रूह कंपा देने वाली है। आरोप है कि पति अरस्तु आकृति के चरित्र पर शक करता था। हद तो तब हो गई जब 17 जून को सिर्फ इसलिए आकृति को बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया, क्योंकि उसका फोन साइलेंट था और वह कॉल नहीं उठा पाई थी। शक की इस बीमारी ने घर को नरक बना दिया था। 29 जून को फिर मारपीट हुई, वजह सिर्फ इतनी थी कि आकृति ने खाना गर्म करने से मना कर दिया था। उसने अपनी मां से रोते हुए कहा था कि मां, ये लोग मुझे मार डालेंगे।
बीते 4 जुलाई को आकृति काम पर जाने की बात कहकर निकली, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। उसी रात लोधी कॉलोनी के एनडीएमसी फ्लैट्स की एक इमारत से गिरकर उसकी मौत हो गई। इसमें सस्पेंस यह है कि अरस्तु का परिवार पुष्प विहार में रहता है, तो फिर आकृति वहां से 10 किलोमीटर दूर लोधी कॉलोनी की उस सोसाइटी में कैसे पहुंची? क्या वह खुद वहां गई या उसे वहां ले जाया गया?
मां और मामा का आरोप है कि 20 लाख रुपए के दहेज के लिए आकृति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। फिलहाल, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 के तहत मामला दर्ज कर पति अरस्तु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस आखिरी रात का सच सामने आ सके।
Updated on:
06 Jul 2026 06:48 pm
Published on:
06 Jul 2026 06:47 pm
