
लव मैरिज के बाद कार और 10 लाख रुपए मांगने का आरोप, फोटो सोर्स- IANS
Lodhi Colony dowry death: दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरकर एक 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि मृतका के परिवार द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बाद उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी पति की पहचान अरास्तू सिक्का के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज स्थित NDMC फ्लैट्स के बी-ब्लॉक के बाहर एक महिला लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल हालत में मिली। जांचकर्ताओं का मानना है कि वह परिसर की एक इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे गिरी थी। उसे तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थी और छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। दोनों की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। चूंकि शादी के सात साल के भीतर महिला की मौत हुई है, इसलिए नियमानुसार अनिवार्य मजिस्ट्रेट जांच (इनक्वेस्ट कार्यवाही) शुरू कर दी गई है और उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि महिला उस NDMC हाउसिंग कॉम्प्लेक्स तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। इसके लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
महिला के परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि या तो उसकी हत्या की गई है या फिर पति और ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के चाचा के अनुसार, यह एक 'लव मैरिज' (प्रेम विवाह) थी, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले एक कार और 10 लाख रुपए कैश की मांग कर रहे थे। इसके लिए उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। रिश्तेदारों का यह भी दावा है कि आरोपी पति पहले तो महिला के नौकरी करने के खिलाफ था, लेकिन बाद में वह उस पर अपनी पूरी सैलरी (वेतन) सौंपने का दबाव बनाने लगा।
5 साल पहले अपने पिता की मौत के बाद महिला ही अपने घर की मुख्य सहारा थी। वह अपनी कमाई में से हर महीने 5,000 रुपए अपनी मां को भेजना चाहती थी, जो कि पति और उसके बीच लगातार होने वाले झगड़े की वजह बन गया था। परिवार का आरोप है कि मौत से एक दिन पहले भी सैलरी और मां को आर्थिक मदद देने की बात पर दोनों के बीच भारी झगड़ा हुआ था।
दुख जताते हुए मृतका के चाचा ने कहा कि बेटी की शिकायतों के बाद भी उन्होंने उसे 'एडजस्ट' करने और पति के पास वापस लौट जाने की सलाह दी थी, जिसका उन्हें अब बेहद अफसोस है। महिला के छोटे भाई ने भी आत्महत्या की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उसकी बहन कभी अपनी जान नहीं ले सकती। पीड़ित परिवार ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
06 Jul 2026 02:57 pm
Published on:
06 Jul 2026 02:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
