
Delhi murder case: राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के गोपाल नगर में एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद गुस्से में आकर पत्नी की तवे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद भागकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
यह मामला नजफगढ़ के बाबा हरिदास नगर थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति दिनेश पटेल पिछले दो-तीन साल से 'सिजोफ्रेनिया' नाम की एक गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। उसका दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल से इलाज भी चल रहा था।
मुसीबत तब और बढ़ गई जब करीब दो महीने पहले दिनेश की एक आईटी कंपनी की अच्छी-खासी नौकरी भी छूट गई। नौकरी जाने की वजह से वह बुरी तरह हताश हो चुका था और उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ती जा रही थी। बेरोजगार होने के कारण घर में तंगी और तनाव का माहौल था, जिससे आए दिन छोटी-छोटी बातों पर पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे थे।
शनिवार की आधी रात को भी दिनेश और उसकी पत्नी सरिता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ने गुस्से में आकर अपना आपा खो दिया। उसने रसोई में रखा भारी तवा उठाया और सरिता के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले की वजह से सरिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर लाश के पास ही बैठा रहा। रविवार की सुबह वह सीधे बाबा हरिदास नगर थाने पहुंचा और ड्यूटी ऑफिसर के सामने जाकर खड़ा हो गया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया है। दिनेश की बात सुनकर पुलिस वाले भी सन्न रह गई।
पूछताछ में पता चला है कि दिनेश और सरिता की शादी साल 2005 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा इस समय इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा अभी पांचवीं क्लास में पढ़ता है। इस एक रात के गुस्से ने जहां मां की जान ले ली, वहीं पिता को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया और बच्चे अनाथ हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्राइम और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।