
लूट मामले दिल्ली पुलिस कार्रवाई
Delhi Robbery Case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में दर्ज एक सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की गई कार तथा पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। यह घटना 22 जून की है, जब उत्तर प्रदेश के संभल जिले के निवासी और पेशे से टैक्सी चालक परवेज ने वेलकम थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह लकड़ी मार्केट पुलिया क्षेत्र में मौजूद थे, तभी तीन अज्ञात युवक जो नशे की हालत में थे ने लोनी गोल चक्कर जाने के लिए उनकी टैक्सी बुक की। शुरुआत में यात्रा सामान्य रही, लेकिन कुछ ही देर बाद हालात पूरी तरह बदल गए। चलती कार में एक आरोपी ने अचानक चालक परवेज को ड्राइविंग सीट से धक्का देकर नीचे उतार दिया और खुद गाड़ी चलाने लगा। इसके बाद जब वाहन भोपुरा बॉर्डर के पास पहुंचा, तो आरोपियों ने पीड़ित को कार से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसकी टैक्सी लेकर फरार हो गए। उसी वाहन में उसका मोबाइल फोन भी रखा हुआ था, जो चोरी हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वेलकम थाने में FIR संख्या 332/26 दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 317(2) और 3(5) के तहत दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें उपनिरीक्षक योगेश कुमार, SI रामबीर, हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र और हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप शामिल थे। टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री ने किया, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसीपी भजनपुरा सहदेव राणा द्वारा की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर फरार होने के रूट तक लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और डिजिटल सर्विलांस के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टैक्सी कार और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हुए हैं।
Updated on:
05 Jul 2026 02:07 pm
Published on:
05 Jul 2026 02:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
