नई दिल्ली

Jahangirpuri Mercedes Accident: मृतक दीपक अकेला था कमाने वाला, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पत्नी बोली- अब हमारा ख्याल कौन रखेगा?

Delhi HIt and Run Case: दिल्ली के जहांगीरपुरी में मर्सिडीज की टक्कर से जान गंवाने वाले दीपक कुमार की पत्नी ने न्याय की मांग की है और साथ ही आरोपी को बेल न देने की भी मांग की है।
2 min read
Jahangirpuri Mercedes Accident
मृतक दीपक की पत्नी की प्रतिक्रिया (Photo-ANI)

Mercedes Scooty Collision: दिल्ली के जहांगीरपुरी में 5 जुलाई को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार मर्सिडीज की टक्कर से स्कूटी सवार दीपक कुमार की मौत हो गई थी। इस हादसे ने उनके परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिवार गहरे सदमे में है। अब इस मामले में दीपक की पत्नी गीता की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और उन्होंने कहा कि आरोपी को बेल नहीं मिलनी चाहिए।

टाइल्स की डिलीवरी के लिए निकला था दीपक

45 साल के दीपक कुमार रविवार सुबह रोज की तरह काम पर निकले थे। उन्हें टाइल्स की डिलीवरी देने उत्तर प्रदेश के मोदीनगर जाना था। जब वह जहांगीरपुरी के आउटर रिंग रोड पर फुटओवर ब्रिज के नीचे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज स्पीड से आ रही मर्सिडीज ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

दीपक की पत्नी का छलका दर्द

दीपक की पत्नी ने बताया कि दीपक घर में अकेले कमाने वाले थे। आगे वह बोलीं कि उनेक ढाई साल की एक बेटी और 18 साल का एक बेटा है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। गीता का कहना है कि दीपक हमेशा सावधानी से गाड़ी चलाते थे और कभी तेज रफ्तार में वाहन नहीं चलाते थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उनके परिवार का ख्याल कौन रखेगा? न्याय की मांग के साथ-साथ उन्होंने आर्थिक सहायता की भी मांग की है। वहीं दीपक के पड़ोसियों का मानना है कि हादसे के बाद अगर आरोपी भागने के बजाय घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस आरोपी तक कैसे पहुंची?

हादसे के बाद मर्सिडीज चला रहा युवक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया था। लेकिन वहां मौजूद एक कैब चालक ने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी और कार का नंबर भी नोट कर लिया। इसी नंबर के सहारे पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। जांच में पता चला कि हादसे के वक्त कार 20 साल का अंश प्रताप सिंह चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लिया और अंश को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और लापरवाही की वजह से मौत होने का मामला दर्ज किया गया है।

Updated on:
08 Jul 2026 08:31 am
Published on:
08 Jul 2026 08:31 am
Also Read
View All