
Delhi Fire News: दिल्ली के कनॉट प्लेस (सीपी) से आज एक डरावनी खबर सामने आई। दिल्ली के इकलौते घूमने वाले (रिवॉल्विंग) 'परिक्रमा रेस्टोरेंट' में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। यह रेस्टोरेंट इमारत की 24वीं मंजिल पर स्थित है, जिसके कारण आग लगते ही पूरी बिल्डिंग और नीचे सड़क पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
दिल्ली दमकल विभाग के अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को इस आगजनी की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही नजदीकी फायर स्टेशन से तुरंत दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय रेस्टोरेंट के अंदर लगभग 24 से अधिक लोग मौजूद थे, जो खाना खा रहे थे। 24वीं मंजिल जैसी ऊंचाई पर आग लगने की खबर से रेस्टोरेंट के अंदर अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए बिल्डिंग में 'स्काई लिफ्ट' लगाई और रेस्टोरेंट के स्टाफ व ग्राहकों को सुरक्षित नीचे उतारा। जांच में सामने आया है कि आग रेस्टोरेंट के किचन में मौजूद 'ऑयल फ्रायर' (तेल तलने वाली मशीन) में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी चिमनी से गाढ़ा काला धुआं निकलने लगा।
जानकारी के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और इस हादसे में कोई भी घायल या हताहत नहीं हुआ है। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है और धुआं साफ होने के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाल के महीनों में दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, फैक्ट्रियों और रेस्टोरेंट्स में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई मासूमों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। शुरुआती जांच में अक्सर शॉर्ट सर्किट, एसी ब्लास्ट या किचन की चिमनी में जमी ग्रीस जैसी लापरवाहियां सामने आती हैं। ऐसे में परिक्रमा जैसी ऐतिहासिक और बेहद ऊंचाई पर स्थित जगह पर ऐसी घटना होना प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी है।