पिछले दिनों कथित आरोप लगने के बाद पुनीत त्यागी को अपना पद छोड़ना पड़ा था। अब वह 50 दिन से लापता हैं।
UP Crime : सहारनपुर से भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष 50 दिन से लापता हैं। इतना समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग रहा है। पूर्व महानगर अध्यक्ष की पत्नी ने उनकी गुम शुदगी कोतवाली सदर बाजार थाने में दर्ज कराई है। पुलिस उनकी जांच कर रही है लेकिन कोई पता नहीं चल पा रहा है।
कोतवाली पहुंची पुनीत त्यागी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 29 जनवरी की सुबह उनके पति पुनीत त्यागी घर से निकले लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। पत्नी ममता ने पुलिस को यह भी बताया कि सुबह के समय जब उनके पति घर से निकले तो उन्होंने कहा था कि वो आईटीसी फैक्ट्री जा रहे हैं। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। प्राथमिक पड़ताल में पता चला कि उस दिन पुनीत त्यागी फैक्ट्री गए ही नहीं थे। इसके अलावा उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। 50 दिन बीत जाने के बाद परिवार के लोग हैरान होने के साथ-साथ परेशान भी हैं और इसी बीच राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं।
पुनित त्यागी पर महानगर अध्यक्ष पद पर रहते हुए कई तरह के आरोप लगे थे। मुम्बई की एक महिला ने उन पर शोषण के आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की थी। इसके बाद यह मामला इतना बढ़ गया था कि पुनीत त्यागी को अपने पद से स्तीफा देना पड़ा था। कुछ लोग कहते हैं कि इस घटना के बाद उन्हे हटाया गया था। पद से हटाए जाने के बाद उन पर कई तरह के अन्य आरोपों की चर्चाएं शहर में चली लेकिन उनकी पुष्टि नहीं हो सकी। अब इन्ही चर्चाओं को बीच पुनीत त्यागी नाटकीय ढंग से लापता हो गए हैं। परिवार वाले चिंतित हैं लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग रहा है।
50 दिन बीत जाने के बाद जब पुनीत त्यागी का कोई सुराग नहीं लग रहा तो अब पुलिस पर भी दबाव बढ़ रहा है। सवाल यह उठ रहे हैं कि जब भाजपा के इतने बड़े पद पर रह चुके व्यक्ति का पुलिस पता नहीं लगा पा रही है तो अगर कोई सामान्य व्यक्ति गायब हो जाए तो पुलिस क्या करती होगी। इन्ही सवालों की वजह से पुलिस पर दबाव बढ़ रहा है और अब पुलिस ने पुनीत त्यागी की तलाश तेज कर दी है। सवाल वही है कि तलाश तेज कर देने के बाद भी पुलिस के पास पुनीत त्यागी की कोई लोकेशन नहीं है और पुलिस वहीं खड़ी है जहां वह पहले दिन खड़ी हुई थी।