समाचार

84 महादेव के श्रद्धालुओं के लिए खुले ‘जल मंदिर’ प्याऊ

• •
Updated: 27 Mar 2026, 8:05 PM IST
Feature image

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत वार्ड 21 व 22 में शुरुआत, नागरिकों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

उज्जैन। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड उज्जैन, नगर विकास समिति वार्ड 21 व 22 और अवनीश्री जनकल्याण एवं शिक्षण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। गर्मी के मौसम में राहगीरों व श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वार्ड 21 और 22 में इनकी स्थापना की गई है।

संस्था अध्यक्ष प्रियंका जोशी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वार्ड 21 में मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के समीप प्याऊ खोला गया है, जिससे वैशाख माह में 84 महादेव की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। वहीं, वार्ड 22 में गणगौर दरवाजे के पास प्याऊ शुरू किया गया है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिवप्रसाद मालवीय ने जल सेवा को सबसे बड़ा पुण्य कार्य बताते हुए इस प्रयास की सराहना की। जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अरुण व्यास ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है, इसलिए हर व्यक्ति को जल बचाने व इसके संवर्धन के लिए संकल्पित होना चाहिए।

इस अवसर पर सर्वसहाय वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील बारोड, मंडल उपाध्यक्ष उत्तम दुबे, समाजसेवी पूनम दुबे, समिति सदस्य प्रिया व्यास, ज्योति व्यास, आशी जोशी, रक्षा पालीवाल, अनीता शास्त्री, दीपिका जोशी और भावना आर्य सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Updated on:
27 Mar 2026, 8:05 PM IST
Published on: