समाचार

AIIMS Bhopal: एम्स के डॉ. केतन मेहरा को स्पेन में मिला सम्मान

सम्मेलन में डॉ. मेहरा ने स्वंय द्वारा एम्स में प्रबंधित किए गए लिंग और वृषण कैंसर के कुछ अत्यंत दुर्लभ और जटिल मामलों को प्रस्तुत किया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Jun 2025, 7:46 PM IST
Feature image
Image Souce (Pic: AIIMS Bhopal)

Bhopal News. एम्स के यूरोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. केतन मेहरा को यूरोपियन एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी द्वारा स्पेन के सेविल में आयोजित वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन यूरोऑन्को 2025 (UROonco25) में व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया गया। एम्स भोपाल और भारतीय यूरोलॉजी समुदाय के लिए एक बड़े सम्मान की बात है।

कार्यों को विशेषज्ञों ने सराहा

इस दौरान डॉ. मेहरा ने एम्स में स्वयं द्वारा प्रबंधित किए गए लिंग और वृषण कैंसर के कुछ अत्यंत दुर्लभ और जटिल मामलों को प्रस्तुत किया। उनकी केस-आधारित चर्चाओं, नैदानिक दृष्टिकोण और उपचार में नवाचार को दुनियाभर से आए वरिष्ठ यूरोऑन्कोलॉजिस्ट्स, शोधकर्ताओं और शैक्षणिक प्रतिनिधियों द्वारा सराहा गया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच यूरोलॉजिक ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में उभरती तकनीकों, नैदानिक चुनौतियों और नवाचारों पर चर्चा का एक अग्रणी वैश्विक मंच है।

एम्स के यूरोलॉजिक कैंसर ट्रीटमेंट को मिला वैश्विक मान्यता

यूरोऑन्को कांग्रेस का आयोजन हर वर्ष यूरोपियन एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी द्वारा किया जाता है, जो यूरोलॉजी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य नैदानिक दिशानिर्देश तैयार करने वाली केंद्रीय संस्था है। ये दिशानिर्देश दुनिया भर के यूरोलॉजिस्ट्स के लिए रोगों के निदान, उपचार और फॉलो-अप में साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने के लिए स्वर्ण मानक माने जाते हैं।
यह योगदान एम्स भोपाल की अकादमिक और क्लीनिकल उत्कृष्टता को दर्शाता है - एम्स निदेशक

इस अवसर पर, एम्स भोपाल के निदेशक प्रो. डॉ. अजय सिंह ने डॉ. मेहरा को बधाई देते हुए कहा, डॉ. केतन मेहरा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह मान्यता हम सभी के लिए गर्व की बात है। उनका योगदान एम्स भोपाल की अकादमिक और क्लीनिकल उत्कृष्टता को दर्शाता है।

Updated on:
28 Jun 2025, 7:46 PM IST
Published on: