
भिण्ड. ऊमरी थाना क्षेत्र के बिलाव गांव के हार में बेसली नदी के पास दो लोगों ने एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने खेत पर वृद्ध को खून में लतपथ पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। ऊमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने पुलिसबल के साथ मौके पर पड़ताल कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय रामसिया यादव पुत्र रेवती यादव निवासी बिलाव मंगलवार को बेसली नदी किनारे स्थित अपने खेत पर झोपड़ी में रहकर बकरी चरा रहे थे। शाम चार बजे गांव के ही गोदन पुत्र प्रतापसिंह यादव ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से रामसिया पर हमला कर दिया। आरोपियाें ने रामसिया के ऊपर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने रामसिया को घायल अवस्था में खेत पर तड़पता देखा। उन्होंने तत्काल उनके बेटे राजेंद्र यादव को सूचना दी। राजेंद्र मौके पर पहुंचे तो पिता को मृत हालत में पाया। उनके शरीर पर कुल्हाड़ी के कई गहरे घाव के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही ऊमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में आया है कि गोदन के पिता का 18 साल पूर्व मर्डर हुआ था, जिसमें तीन आरोपी थे। ग्रामीणों के अनुसार गोदन को अपने पिता की हत्या में रामसिया के शामिल होने का संदेह था, इसी के चलते उसने अपने एक अज्ञात साथी के साथ रामसिया की हत्या को अंजाम दिया है। गोदन शराब पीने का भी आदी था, जिससे पुलिस हत्या की वजह को लेकर स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नदी किनारे खेत में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की गई है। परिजन ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर रहे हैं, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआइ थाना ऊमरी
Published on:
03 Mar 2026 11:55 pm
बड़ी खबरें
View Allभिंड
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
