समाचार

नवरात्र प्रारंभ होते ही जैसलमेर में उमड़ा आस्था, भक्ति व श्रद्धा का सागर

चैत्र नवरात्र के पहले दिन सरहदी जिले में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अनूठा माहौल नजर आया। विभिन्न शक्तिपीठों में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गईं और पूरे दिन आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

2 min read

चैत्र नवरात्र के पहले दिन सरहदी जिले में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अनूठा माहौल नजर आया। विभिन्न शक्तिपीठों में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गईं और पूरे दिन आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अभिजीत मुहूर्त में विधिवत घट स्थापना के साथ नवरात्र का शुभारंभ किया गया। देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिन भर मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पूजन कार्यक्रम आयोजित होते रहे। दर्शनार्थियों की रेलमपेल देर शाम तक बनी रही। देवी भक्तों ने व्रत रखकर श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की और नवरात्र की शुरुआत की।

ग्रामीण अंचलों से लेकर शहर तक देवी भक्तों में दिखा उत्साह

शहर के होमगार्ड मंदिर और गांधी कॉलोनी स्थित हिंगलाज मंदिर में भी घट स्थापना के साथ पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हुआ। इसके अलावा नभडूंगर, गजरूप सागर स्थित स्वांगिया माता मंदिर तथा मोहनगढ़ के पन्नोधराय मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देवीकोट गांव के पास देगराय मंदिर में जसोड़ भाटी राजपूत समाज के अनेक गांवों के लोग दर्शन के लिए पहुंचे। देवीकोट और पोकरण क्षेत्र के आशापुरा मंदिरों में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बीकानेर व आसपास के भक्तों की भी अच्छी खासी मौजूदगी रही।

दर्शनार्थियों की देर शाम तक रही रेलमपेल

जैसलमेर से 27 किलोमीटर दूर कालेडूंगरराय मंदिर और 30 किलोमीटर दूर तेम्बड़ेराय माता मंदिर में भोपा, भू और पिथला गांवों के ग्रामीणों ने देवी मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भादरियाराय मंदिर में भी दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों का दौर चलता रहा। नवरात्र के पहले दिन जिलेभर में भक्ति का उत्साह चरम पर रहा और श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ शक्ति आराधना में लीन नजर आए।

चैत्र सुदी द्वितीया पर आज उमड़ेगा आस्था का सैलाब

रामदेवरा.लोक देवता बाबा रामदेव समाधि के दर्शन करने के लिए गुरुवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव समाधि के दर्शन कर अमन चैन की प्रार्थना की। वही शुक्रवार को चैत्र सुदी द्वितीया को बाबा रामदेव समाधि के दर्शन के लिए गुरुवार को जहां यात्रियों की भीड़ रामदेवरा में उमड़नी शुरू हो गई। समाधि समिति ने भी मंदिर रोड पर बैरिकेड्स लगाने और पुलिस प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए गुरुवार को पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मंगवाया। शुक्रवार से चैत्र नवरात्रि मेले का शुभारंभ होगा।

Published on:
19 Mar 2026 09:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर