6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अजमेर में मुख्यमंत्री का आज रोड शो, छतों पर स्नाइपर व आसमान में ड्रोन तैनात, चप्पे-चप्पे पर नजर

मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर अजमेर में सुरक्षा का अभेद किला तैयार किया गया है। ऊंची इमारतों से लेकर आसमान तक निगरानी रखी जाएगी। करीब एक किमी के रूट पर जवानों का घेरा, ड्रोन और स्नाइपर भी मोर्चा संभालेंगे।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Sep 06, 2026

ajmer cm road show

Ajmer: मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए भीलवाड़ा से पहुंचा वाहन। (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर में रोड शो करेंगे। निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रस्तावित रोड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब एक किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान पूरे मार्ग पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। ऊंची इमारतों की छतों से सुरक्षाकर्मी दूरबीन के जरिए निगरानी रखेंगे, जबकि संवेदनशील स्थानों पर स्नाइपर तैनात किए जाएंगे। आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए भी रोड शो के रूट और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जाएगी।

पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री के वाहन के आसपास सुरक्षा का विशेष घेरा रहेगा। रूट लाइनिंग में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। अलग-अलग प्वाइंट पर जवानों को तैनात कर लोगों की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ संभालेंगे।

ऊंची इमारतों से होगी निगरानी

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि रोड शो मार्ग पर स्थित ऊंची इमारतों को भी सुरक्षा घेरे में लिया गया है। इन भवनों की छतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर स्नाइपर भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी पूरे रूट पर निगरानी रखी जाएगी।

किशनगढ़ एयरपोर्ट से अजमेर तक सुरक्षा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से अजमेर आएंगे। एयरपोर्ट से अजमेर तक भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचंद कायल संभालेंगे। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान मार्ग पर पुलिस की निगरानी रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद

रोड शो के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस की अतिरिक्त टीमों को तैनात किया गया है। रूट पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही भीड़ के दबाव के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।

यह वीडियो भी देखें :

प्लाजा सिनेमा से गांधी भवन तक रोड शो

मुख्यमंत्री का रोड शो प्लाजा सिनेमा से शुरू होकर गिदवानी मार्केट, कवंडसपुरा, शिवाजी पार्क और स्टेशन रोड होते हुए मदार गेट से गांधी भवन तक पहुंचेगा। मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, ताशे और पुष्पवर्षा से स्वागत की तैयारी की गई है।

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री सुभाष उद्यान के निकट भागचंद की कोठी स्थित होटल मेरवाड़ा स्टेट में भाजपा पदाधिकारियों, चुनाव संचालन समिति, कोर कमेटी और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान नगर निगम चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

अरुण चतुर्वेदी ने किया रूट का निरीक्षण

शनिवार को संभाग चुनाव प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने रोड शो के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, स्वागत स्थलों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर दिशा-निर्देश दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी के अनुसार रोड शो की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।