
Jaipur: 3 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार संयुक्त निदेशक (फोटो-पत्रिका)
अजमेर। 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच में आरोपी के परिवार के संयुक्त बैंक लॉकर से करीब 1.46 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा आरोपी और उसके परिजनों से जुड़े 9 बैंक खातों में 64.26 लाख रुपए जमा मिले हैं। एसीबी अब इन संपत्तियों और रकम के स्रोत की जांच में जुटी है।
एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के अनुसार, शनिवार को आरोपी के परिवार के संयुक्त नाम से संचालित बैंक लॉकर की तलाशी ली गई। इस दौरान लॉकर से 945 ग्राम सोने के आभूषण और 1.027 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इनकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 46 लाख 43 हजार रुपए आंकी गई है।
एसीबी की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मिले आभूषण कब और कहां से खरीदे गए थे। इसके लिए खरीद से संबंधित दस्तावेज, भुगतान और स्वामित्व से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान आरोपी संयुक्त निदेशक और उसके परिजनों से जुड़े दो बैंकों के कुल 9 खातों की भी पड़ताल की गई। इन खातों में कुल 64 लाख 26 हजार 780 रुपए जमा मिले। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, बैंक खातों में जमा रकम और उसमें हुए लेन-देन की भी जांच की जा रही है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खातों में जमा रकम आरोपी की वैध आय के अनुरूप है या नहीं।
गौरतलब है कि एसीबी की जयपुर एसआईडब्ल्यू इकाई ने 4 सितंबर को कार्रवाई करते हुए संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण को एक संस्थान के बिल पास करने की एवज में 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। आरोप है कि आरोपी ने इसके लिए कुल 5 लाख रुपए की मांग की थी। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी की संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल शुरू की। अब लॉकर और बैंक खातों से सामने आई संपत्ति ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
Updated on:
06 Sept 2026 10:59 am
Published on:
06 Sept 2026 10:59 am
