15 दिन तक कई खातों में डलवाते रहे पैसे, वहीं महिला से डरा धमका कर तीन खातों में डलवाए पैसे, कोतवाली पुलिस को शिकायत
छिंदवाड़ा. लगातार जागरूकता के बाद भी रिटायर पुलिस अधिकारी व महिला के साथ बड़ी साइबर ठगी हो गई। अब रिटायर पुलिस अधिकारी तथा महिला कोतवाली पुलिस को शिकायत कर पैसे वापस दिलाने की मांग कर रही है। रिटायर पुलिस अधिकारी से साइबर ठगों ने पहले तो सोशल मीडिया के माध्यम से जान पहचान की तथा किसी ग्रुप में जोडकऱ झांसे में ले लिया, इंवेस्ट करने के नाम पर फिर 15 दिनों तक कई बैंक खातों में 14.50 लाख रुपए डलवा लिए है। वहीं महिला को कस्टम ड्यूटी के नाम पर डरा धमका कर साइबर ठगों ने दो लाख रुपए दो बैंक खातों में डलवा लिए है वहीं और पैसों की मांग करने पर मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को की गई है।
चंदनगांव पांच घर गली नंबर एक निवासी पुलिस विभाग से रिटायर अधिकारी कोमल दियावार के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने 15 अक्टूबर 2025 से 23 अक्टूबर 2025 के बीच मोबाइल पर फर्जी नंबर से वॉटसअप गु्रप में जोड़ा था। बाद में साइबर ठगों ने झांसे में लेकर ट्रेडिंग प्लेटफार्म में शेयर, म्युचल फंड, आईपीओ के नाम पर इंवेस्ट करने के लिए अपनी बातों मेंं फंसा लिया। 23 अक्टूबर 2025 से सात नवंबर 2025 तक कई बैंक खातों में 14 लाख 43 हजार 300 रुपए डलवा लिए थे। बाद में धोखाधड़ी का शिकार हो जाने का एहसास होने पर रिटायर पुलिस अधिकारी ने साइबर की हेल्पलाइन नंबर 1930 में शिकायत की तथा 21 फरवरी 2026 को लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस को की है।
साइबर ठगों ने कस्टम विभाग का शासकीय अधिकारी बनकर महिला के साथ दो लाख रुपए की ठगी की है। मुुंबई एयरपोर्ट पर डायमंड सेट का पार्सल आने तथा कस्टम ड्यूटी दो लाख चुकाने जमा करने के लिए साइबर ठगों ने कहा था तथा अगर वह पार्सल लेने से मना करेगी तो उस पर कानूनी कार्रवाई होगी और उसे जेल भी जाना पड़ सकता है। महिला ने घबराकर तीन बैंक खातों में दो लाख रुपए ऑनलाइन पेमेंट कर दिया। महिला को ठगों ने 12 फरवरी 2026 की दोपहर 11.30 बजे फोन किया था तथा उसी दिन दो लाख रुपए बैंक खाते में डलवा लिए थे। 20 फरवरी को ठगों ने फिर से फोन कर 28 हजार की मांग की थी, महिला ने मना किया तो उसे लगातार धमकी दी जा रही थी, महिला के परिवार के लोगों को आपराधिक मामले में फंसाने तथा जेल पहुंचाने की धमकी दी जा रही थी। परेशान होकर महिला ने 21 फरवरी 2026 को कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत की है। बताया जा रहा है कि महिला समोसे की दुकान चलाती है तथा उसने यह पैसे गहने गिरवी रखकर दिए थे।