पोकरण. कस्बे में वर्षों पूर्व नगरपालिका की ओर से जयनारायण व्यास कॉलोनी काटकर आवंटन व नीलामी के जरिए भूखंडों का विक्रय किया गया।
पोकरण. कस्बे में वर्षों पूर्व नगरपालिका की ओर से जयनारायण व्यास कॉलोनी काटकर आवंटन व नीलामी के जरिए भूखंडों का विक्रय किया गया। इसमें आज भी सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार नगरपालिका की ओर से वर्षों पूर्व कस्बे में कई जगहों पर कॉलोनियां काटी गई थी। इनमें कुछ कॉलोनियों में जरिए आवंटन तो कुछ भूखंडों को करोड़ों रुपए में नीलाम कर आमदनी की गई। करीब चार दशक पूर्व सबसे पहले जोधपुर रोड के उत्तर दिशा में जयनारायण व्यास कॉलोनी काटी गई थी। इसमें भूखंडों का आवंटन किया गया था। इस दौरान कस्बे व आसपास क्षेत्र के गांवों के लोगों की ओर से भूखंड लिए गए। नियमों के अनुसार नगरपालिका की ओर से काटी गई कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का जिम्मा भी पालिका के पास ही है। जबकि इस कॉलोनी में नाममात्र के विकास कार्य करवाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। इसके बाद यहां किसी भी प्रकार का कोई कार्य नहीं करवाया गया। जिसके कारण महंगे दामों में भूखंड क्रय करने के बावजूद आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जब व्यास कॉलोनी काटी गई थी, उस समय यहां ग्रेवल सड़क बिछाकर विद्युत पोल लगाए गए। एक बार यहां डामर सड़क भी बनाई गई। इसके अलावा यहां नाले का निर्माण करवाया गया और कुछ जगहों पर नालियों का निर्माण भी करवाया गया। आबादी विस्तार के साथ रोड लाइटें लगाने का कार्य किया गया।
व्यास कॉलोनी में डामर सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही ग्रेवल सड़कों से मिट्टी व डामर उखड़ गया है। विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए है। कुछ जगहों पर बनाई गई नालियां जमींदोज होने के कगार पर पहुंच गई है। यहां बनाया गया नाला भी क्षतिग्रस्त होकर बिखरने लगा है। नाले में मलबा व कचरा जमा पड़ा है और पानी निकासी नहीं हो रही है। कई विद्युत पोलों से लाइटें गायब हो चुकी है और रात में अंधेरा पसरा रहता है। जिससे आवागमन मुश्किल हो रहा है। इस कॉलोनी में बबूल की झाडिय़ां लगी हुई है। जिसके कारण गंदगी फैल रही है।
कस्बे की पुरानी कॉलोनियों में शीघ्र ही प्रस्ताव पारित कर विकास कार्य करवाए जाएंगे।
- मनीष पुरोहित, अध्यक्ष नगरपालिका, पोकरण