- म्यूजिक यूनिवर्सिटी में श्वेत परिधानों में संपूर्ण वंदे मातरम् का हुआ सामूहिक गायन
ग्वालियर. राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का परिसर शुक्रवार को राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की गूंज से गुंजायमान हो उठा। मंच से लेकर पूरे विश्वविद्यालय परिसर तक एक ही स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन सुनाई दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में विश्वविद्यालय सहित शहर के 30 शिक्षा संस्थानों के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने सहभागिता की।
राष्ट्रगीत वंदे मातरम के रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में संपूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक श्वेत परिधानों में सहभागिता कर आयोजन को गरिमा प्रदान की।
कुलगुरु प्रो.स्मिता सहस्त्रबुद्धे की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो.राजेंद्र बांदिल रहे। विशिष्ट रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर, पूर्व कुलसचिव डीएस चंदेल, दिल्ली से आए संगीतज्ञ देवेंद्र वर्मा, संस्कार भारती के संभाग प्रमुख शेखर दीक्षित कार्य परिषद सदस्य चंद्रप्रताप सिकरवार, विद्या परिषद सदस्य अशोक आनंद उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से कुलसचिव अरुण सिंह चौहान, वित्त नियंत्रक डॉ.आशुतोष खरे सहित समस्त अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.पारुल दीक्षित व समन्वयक डॉ.विकास विपट ने किया।