
मेरठ। गत मई महीने में हुए कैराना और नूरपुर उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद जहां एक तरफ गठबंधन मजबूत होने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी ओर अब कांग्रेस ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बनाना शुरु कर दिया है। जिसके चलते अब कांग्रेस दलितों को साधने का काम करेगी। इसके लिए पार्टी द्वारा प्रदेश भर में मुहिम चलाई जाएगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर दलितों को उनके हकों की जानकारी देंगे।
दरअसल, कांग्रेस ‘हर घर संविधान’ मुहिम चलाने जा रही है। इसके जरिए पार्टी दलितों के साथ सूबे के प्रत्येक घरों में संविधान की किताब मुहैया कराएगी। जिससे की लोगों को जागरुक किया जाए। इसके लिए पार्टी द्वारा कुछ जागरुक और मददगार लोगों की तलाश भी की जा रही है।
घर-घर दी जाएगी संविधान की किताब
खबरों की मानें तो 2019 में दलितों को अपनी ओर लाने के लिए यह राहुल गांधी की सोच है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के चैयरमैन भगवती चौधरी ने बताया कि पार्टी द्वारा जुलाई में हर घर संविधान मुहैया कराने का अभियान शुरु करने के लिए तय कर लिया गया है। इसके लिए सभी जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों को जानकारी भेज दी गई है।
दानवीरों और सामाजिक लोगों की तलाश
उन्होंने बताया कि हमारी पार्टी का मकसद है कि संविधान में दलित और ओबीसी के हकों के लिए जो 63 अनुच्छेद हैं। उसमें पूरा विवरण हैं। इसकी जानकारी दलित और पिछड़ों को नहीं है। जिसके चलते लोगों को जागरुक करने का काम किया जाएगा। इसके बाद वह अपने खिलाफ होने वाले अन्याय से आसानी से लड़ सकेंगे। पार्टी जिला स्तर पर ऐसे दानवीरों और सामाजिक लोगों की सूची तैयार कर रही है, जो संविधान की 10-10 प्रति दूसरों को देने के लिए कांग्रेस के वर्करों को दे सकें।
जुलाई में संविधान बचाओ पदयात्रा
भगवती चौधरी का कहना है कि कांग्रेस के संविधान बचाओं अभियान का पहला चरण दो महीने से चल भी रहा है, जिसके चलते हर मंडल स्तर पर कई सम्मेलन भी हो चुके हैं। इसका दूसरा चरण जुलाई में शुरू होगा। इस चरण में प्रदेश के हर जिले में संविधान बचाओ पदयात्रा भी शुरू की जाएगी। इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता शामिल होंगे।