ग्रेटर नोएडा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डिलीवरी ब्वॉय ने महिला को चाकू दिखाकर कपड़े उतारने पर मजबूर किया और तस्वीरें और वीडियो ले ली।
ग्रेटर नोएडा में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक 23 साल के डिलीवरी ब्वॉय ने बच्चों के गर्दन पर चाकू रखकर महिला को कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया। साथ ही अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने आरोपी गौरव को गिरफ्तार किया है।
घटना इसी साल जुलाई में ग्रेटर नोएडा के एक अपार्टमेंट में हुई। महिला के पति अहमदाबाद में काम करते हैं। महिला के मुताबिक, 10 जुलाई को डिलीवरी ब्वॉय गौरव उसके घर आया। उसने कहा कि वह उससे कुछ बात करना चाहता है। जैसे ही वह घर के अंदर घुसा उसने चाकू निकाला और महिला के सो रहे बेटे के गले पर रख दिया। गौरव ने धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया तो वह उसके बेटे को मार देगा। महिला को डर की वजह से उसकी बात माननी पड़ी। गौरव ने महिला के कपड़े उतरवाए और उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए।
महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने गौरव की हरकतों का विरोध किया तो उसने कहा कि तुम्हारे बच्चों को मार डालूंगा। बेटी को नाले में फेंक दूंगा। इसकी वजह से मैं डर गई और गौरव की बात मान ली।
महिला ने बताया कि गौरव ने उसे बार-बार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह लगातार उसके घर जाता था और पुलिस के पास न जाने की धमकी देता था। एक बार वह रात में उसके चौथे फ्लोर के फ्लैट की बालकनी पर भी चढ़ गया था। 2 सितंबर को गौरव ने महिला के पति को अश्लील वीडियो भेज दिए और कुछ क्लिप सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दी। इसके बाद सुबह करीब 6 बजे वह फिर से महिला के घर आ धमका। परेशान होकर महिला ने पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही गौरव भाग गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसका फोन जब्त कर लिया गया है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने किसी और महिला को भी अपना शिकार बनाया है।