
दुनिया की सबसे बड़ी एआइ चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया इन दिनों एक बड़े नेतृत्व संकट से जूझ रही है। कंपनी के सीईओ और को-फाउंडर जेनसेन हुआंग से जुड़ा विवाद अब सिर्फ उनकी निजी जिंदगी तक सीमित नहीं रह गया है। इसने कंपनी के भविष्य, निवेशकों के भरोसे और उत्तराधिकारी की योजना पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, कंपनी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसेन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला उनके निजी जीवन से जुड़े विवादों और विदेशी खुफिया गतिविधियों से संबंधित आरोपों की जांच के बीच आया है। वे 1993 से इस पद पर थे। उन्हें करीब 33 साल बाद अपना पद छोडऩा पड़ा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने आठ नवंबर को मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की थी। कंपनी ने उस समय कहा था कि उसके पास राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय दस्तावेजों से समझौता होने का कोई प्रमाण नहीं है। करीब तीन दशक तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले हुआंग का जाना ऐसे समय में हुआ है, जब एनवीडिया पर चीन को एआइ चिप्स की सप्लाई और कुछ संदिग्ध कारोबारी गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इस विवाद से अमरीका और चीन के बीच तकनीकी तनाव बढऩे की आशंका है। इसका असर चीन की एआइ कंपनियों के साथ-साथ भारत के एआइ मिशन, स्टार्टअप, डेटा सेंटर और शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। अमरीका में चीन को एडवांस्ड एआइ चिप्स की सप्लाई पर पहले से पाबंदियां हैं। अब इस विवाद के बाद इन प्रतिबंधों को और सख्त किए जाने की आशंका है। यह संकट ऐसे समय आया है, जब चीन की एआइ कंपनियां तकनीकी तरक्की के बावजूद मुनाफा कमाने और आपस में मुकाबला करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। एआइ मॉडल तैयार करने के लिए सबसे शक्तिशाली चिप्स की जरूरत होती है और अमरीका इन पर नियंत्रण बनाए रखकर चीन पर तकनीकी बढ़त बनाए रखना चाहता है। ऐसे में 80 फीसदी से अधिक एआइ चिप बाजार पर काबिज एनवीडिया और उसके शीर्ष नेतृत्व का यह विवाद पूरी वैश्विक टेक इकोनॉमी के लिए खतरे की घंटी बन गया है।
हुआंग के जाने से कंपनी के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। कंपनी की मजबूत स्थिति ने उसे दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल किया था, लेकिन अब नेतृत्व के इस संकट ने निवेशकों के बीच अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। एनवीडिया की साख और बाजार मूल्य दशकों से हुआंग के व्यक्तिगत ब्रांड से गहराई से जुड़े रहे हैं, जो इस विवाद के बाद धूमिल हुआ है। अब तक वैश्विक निवेशक कंपनी और जेनसेन को पूरे एआइ इकोसिस्टम के दूरदर्शी संरक्षक के रूप में देखते रहे हैं। ऐसे में साफ है कि अगर निवेशकों का यह भरोसा डगमगाता है या कंपनी अपनी साख खोती है, तो ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट्स (जीपीयू) चिप्स की कमी एआइ उद्योग के लिए भारी पड़ सकता है। बहरहाल, एनवीडिया के सामने बड़ी चुनौती तकनीकी विकास, उत्पादों की आपूर्ति और ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखने की है।
हुआंग के इस्तीफे से तीन बड़े असर हो सकते हैं। पहला, निवेशकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है। दूसरा, बड़े कारोबारी सौदों पर असर पड़ सकता है। हुआंग के दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के प्रमुखों के साथ व्यक्तिगत कारोबारी संबंध हैं। नए सीईओ के लिए इन रिश्तों को उसी स्तर पर बनाए रखना आसान नहीं होगा। तीसरा, अमरीका-चीन टेक्नोलॉजी विवाद और बढ़ सकता है। क्योंकि एनवीडिया के एडवांस एआइ चिप्स चीन के लिए भी अहम हैं।
इस विवाद के चलते अमरीकी सरकार की निर्यात नीतियों और चीन के साथ कारोबार पर ज्यादा सख्ती की मांग उठ सकती है। साथ ही, निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि नए नेतृत्व में कंपनी एआइ क्षेत्र की कंपनियों और डाटा सेंटर परियोजनाओं को वित्तीय मदद देने की अपनी रणनीति जारी रखेगी या नहीं। ऐसे में स्थायी सीईओ की नियुक्ति के बाद कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति में क्या बदलाव होंगे, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल एनवीडिया के लिए नेतृत्व परिवर्तन के साथ एआइ चिप बाजार में अपनी स्थिति बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी। जेनसेन हुआंग का प्रभाव केवल व्यापार तक सीमित नहीं था। वह अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप को पहले ही हुआंग के उस महिला के साथ संबंधों की जानकारी दी गई थी, जिसे चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ा माना गया था। लेकिन ट्रंप ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। ट्रंप का कहना था कि हुआंग को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह महिला चीन की जासूस है। बहरहाल, एनवीडिया का यह संकट सिर्फ कॉर्पोरेट विवाद नहीं, बल्कि भू-राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और एआइ क्रांति की कमजोर आर्थिक बुनियाद का संगम है। जहां एक ओर अमरीकी संसद और आपराधिक जांच एजेंसियां प्रतिबंधों के उल्लंघन की पड़ताल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर सर्कुलर फाइनेंसिंग पर टिकी पूरी एआइ इंडस्ट्री के वित्तीय गणित पर सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल एनवीडिया के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, हुआंग से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच और निवेशकों का भरोसा बनाए रखना। दूसरी, यह सुनिश्चित करना कि भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन होने पर कंपनी की रफ्तार प्रभावित न हो और कुल मिलाकर, एनवीडिया की कहानी अब सिर्फ एआइ चिप्स और शानदार शेयर रिटर्न की नहीं रह गई है। कंपनी के सामने यह साबित करने की चुनौती है कि उसका भविष्य किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है।
रवि शंकर,(स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार)