17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुरुषत्व की पुरानी परिभाषा बदल रही है नई पीढ़ी

भारत में किशोरों की आबादी लगभग 25.3 करोड़ है। यानी देश का हर पांचवां व्यक्ति 10 से 19 वर्ष की आयु के बीच है। यह केवल एक बड़ी जनसंख्या नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की अपार संभावनाओं वाला समूह भी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

डॉ. कैलाश बृजवासी

•

Updated: 17 Nov 2026, 4:39 PM IST

genz

genz

क्या लड़कों का रोना उनकी कमजोरी है? क्या घर के कामों में हाथ बंटाना उनके पुरुषत्व के खिलाफ है? क्या अपनी बहन को अपनी पसंद और फैसले लेने की आजादी लेते हुए देखना किसी भाई के अधिकारों को कम कर देता है? क्या गुस्सा करना, अपनी बात मनवाना तथा दूसरों पर नियंत्रण रखना ही एक पुरुष की पहचान है? ये कुछ ऐसे सवाल हैं, जिन पर आज के किशोर नए सिरे से विचार कर रहे हैं। वे पुरुषत्व की उस पारंपरिक परिभाषा को समझने, परखने और बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे समाज ने पीढिय़ों से उनके सामने रखा है।
हमारे समाज में लड़कों को बचपन से ही कुछ खास सीख दी जाती है- लड़के रोते नहीं, डरते नहीं, कमजोर नहीं पड़ते और परिवार में उनकी बात का महत्व सबसे अधिक होना चाहिए। दूसरी ओर लड़कियों से त्याग, समझौते, देखभाल और मर्यादाओं में रहने की अपेक्षा की जाती है। धीरे-धीरे ये धारणाएं लड़कों और लड़कियों दोनों के व्यवहार का हिस्सा बन जाती हैं। इसका परिणाम यह होता है कि लड़कियों की स्वतंत्रता सीमित होती जाती है और लड़कों पर हमेशा मजबूत, कठोर और भावनाहीन बने रहने का दबाव रहता है।

भारत में किशोरों की आबादी लगभग 25.3 करोड़ है। यानी देश का हर पांचवां व्यक्ति 10 से 19 वर्ष की आयु के बीच है। यह केवल एक बड़ी जनसंख्या नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की अपार संभावनाओं वाला समूह भी है। इन किशोरों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज की उनकी समझ ही आने वाले समाज के रिश्तों और मूल्यों को आकार देगी। यहां सकारात्मक पुरुषत्व की अवधारणा महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्हें यह समझने का अवसर देना है कि पुरुष होने का अर्थ दूसरों से श्रेष्ठ होना नहीं है। वास्तविक ताकत किसी को डराने में नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित महसूस कराने में है।

आज के किशोर दरअसल यह कहना चाहते हैं कि उन्हें हर समय कठोर, आक्रामक और भावनाहीन बने रहने की जरूरत नहीं है। वे भावनाएं व्यक्त करना चाहते हैं, गलती होने पर उसे स्वीकार करना चाहते हैं, जिम्मेदारियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं। परिवार, विद्यालय, समुदाय को भी अपनी सोच में बदलाव लाना होगा। लड़कों को यह समझने और सीखने का अवसर भी देना होगा कि वे कैसा इंसान और कैसा समाज बनाना चाहते हैं। शायद आज के किशोर हमें यही समझाना चाहते हैं कि पुरुषत्व किसी पर हावी होने की पहचान नहीं, बल्कि समानता के साथ खड़े होने की क्षमता है। जहां ताकत के साथ संवेदनशीलता हो, साहस के साथ जिम्मेदारी हो और आत्मविश्वास के साथ दूसरों के प्रति सम्मान भी हो।

डॉ. कैलाश बृजवासी,(सामाजिक विकास विषयों के जानकार)