17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

प्लास्टिक पर निर्भरता घटे, तभी सुरक्षित रह पाएगा पर्यावरण

शोध का निष्कर्ष है कि माइक्रोप्लास्टिक का असर मिट्टी की पानी रोकने की क्षमता और पोषक तत्वों के संतुलन को प्रभावित कर सकता है, जिससे मिट्टी की संरचना भी बदल सकती है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

ज्ञानेंद्र रावत

•

Updated: 17 Nov 2026, 4:31 PM IST

plastic

plastic

जिस प्लास्टिक को हम बेकार समझकर कचरे में फेंकते हैं, उससे आज दुनिया का कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रहा है। मिट्टी, वायु, आकाश, इंसान, वन्यजीव, जल या जलजीव, समुद्र और हिमालयी ग्लेशियर ही क्यों न हों, कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं बचा है जहां आज प्लास्टिक की पहुंच न हो।असलियत तो यह है कि बदलती जीवनशैली और जागरूकता के अभाव में प्लास्टिक का दिनोंदिन बढ़ता चलन जहां खतरनाक साबित हो रहा है, वहीं तमाम प्रयासों और प्रतिबंधों के बावजूद प्लास्टिक कचरे का बोझ दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। यह पर्यावरण के साथ-साथ प्राणी मात्र के जीवन के लिए भी गंभीर संकट बन चुका है। इसके लिए शहरीकरण, आय के साथ-साथ सूखे और प्लास्टिक कचरे में हो रही बढ़ोतरी, खान-पान की बदलती आदतें, खाना बाहर से मंगाने की प्रवृत्ति के चलते जीवन में प्लास्टिक का बढ़ता चलन जिम्मेदार है, वहीं दैनिक उपयोग में आने वाली ज्यादातर चीजों का प्लास्टिक में पैक होना भी इसका सबसे बड़ा कारण है। देखा जाए तो आज इंसानी जीवन पूरी तरह प्लास्टिक पर निर्भर हो गया है।

प्लास्टिक के इस्तेमाल की सबसे बड़ी वजह है कि इसे बहुत ही कम खर्च में तैयार किया जा सकता है। यह कांच के मुकाबले हल्का और इसे कहीं भी लाने-ले जाने में परेशानी भी नहीं होती है। हम यह नहीं सोचते कि यह धीमा जहर है, जो प्राणी मात्र को मौत के मुंह में ले जा रहा है। लेकिन लोग हैं कि वह जानते-समझते हुए भी इसके आदी हो गए हैं। विडंबना यह कि सरकार भी इसके उत्पादन पर अंकुश लगा पाने में नाकाम रही है। हकीकत यह है कि प्लास्टिक के कुछ कण तो इतने छोटे होते हैं कि वे पानी, खाना और हवा के साथ शरीर में पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं। प्लास्टिक के ये छोटे कण हमारे प्रतिरोधी तंत्र को हानि ही नहीं पहुंचाते, बल्कि ये हमारे लिवर, किडनी की बीमारी के साथ-साथ कई रोगों के कारण भी बनते हैं।

सबसे ज्यादा प्लास्टिक के इस्तेमाल से अस्थमा और पल्मोनरी कैंसर होता है। बाहर फेंके गये प्लास्टिक और पॉलिथीन सूखने के बाद भी टूटकर हवा के साथ पानी में जा रहे हैं। इनको माइक्रोस्कोप से देखते हैं तो पाते हैं कि इनकी पहुंच नदी, तालाब के साथ हवा में भी है। भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान संस्थान के हालिया शोध के अनुसार प्लास्टिक के कप- प्लेट, टिफिन, पानी की बोतलें सोचने की क्षमता को प्रभावित कर इंसानी दिमाग को कुंद कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई मर्डोक यूनिवर्सिटी और इटली की यूनिवर्सिटी ऑफ सीना के शोधकर्ताओं के अनुसार माइक्रोप्लास्टिक से मंता रे, व्हेल और शार्क जैसे विशालकाय समुद्री जीव को भी खतरा पैदा हो गया है।

चिंता की बात यह है कि अब प्लास्टिक की पहुंच हिन्दूकुश-हिमालय के ग्लेशियर तक हो गई है। इसके चलते इस क्षेत्र से निकलने वाली नदियों पर निर्भर तकरीबन 2 अरब लोगों के जीवन यानी उनके लिए पानी की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इसका खुलासा गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के नेतृत्व में जापान, सिक्किम और ताइवान के वैज्ञानिकों के शोध से हुआ है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालय में माइक्रोप्लास्टिक पहुंचने का एकमात्र रास्ता हवा है, जिसमें पश्चिमी हवाएं और मानसून अहम भूमिका निभाता है। इसके जरिये गंगा के मैदानों और शहरी क्षेत्र के प्रदूषक ऊंचे इलाकों तक पहुंचते हैं। इसमें बढ़ते पर्यटन, पर्वतीय अभियान और धार्मिक यात्राएं सबसे अहम भूमिका निभाते है। शोध का निष्कर्ष है कि माइक्रोप्लास्टिक का असर मिट्टी की पानी रोकने की क्षमता और पोषक तत्वों के संतुलन को प्रभावित कर सकता है, जिससे मिट्टी की संरचना भी बदल सकती है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान मक्का, मूंगफली और सोयाबीन की फसलों पर पड़ेगा। इससे अब यह स्पष्ट है कि प्लास्टिक हमारे जीवन के लिए कहां तक नुकसानदायक है और इसकी मार से इंसान ही नहीं, मिट्टी ही नहीं, नदी, जल, वायु, आकाश, बर्फ, ग्लेशियर, पर्वत और समुद्र कोई भी बचा नहीं है। इसलिए हमें सरकार के भरोसे न रहकर सबसे पहले अपनी जीवनशैली को बदलना होगा। तभी प्लास्टिक जैसे दानव से किसी हद तक निजात मिल सकती है।

ज्ञानेंद्र रावत,(वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद्)