भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में, जहां की संस्कृति ‘अतिथि देवो भव’ के शाश्वत सिद्धांत पर आधारित है, वहां पर्यटन को पूरी तरह एल्गोरिद्म और मशीनों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। पर्यटन मूलत: एक भावना-प्रधान और सेवा-उन्मुख उद्योग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मस्तिष्क तो हो सकता है, लेकिन वह मनुष्य का हृदय नहीं बन सकता।
प्रोफेसर अनुकृति शर्मा, पर्यटन विशेषज्ञ
पर्यटन उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था के सबसे गतिशील और तीव्र गति से बदलते क्षेत्रों में से एक है। हाल के वर्षों में सूचना प्रौद्योगिकी, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के उदय ने इस उद्योग में एक युगांतरकारी क्रांति ला दी है। आज एआइ केवल एक तकनीकी सहायक उपकरण नहीं रह गया है, बल्कि यह ‘स्मार्ट टूरिज्म’, डेटा-संचालित रणनीतियों और आधुनिक गवर्नेंस का मुख्य आधार बन चुका है।
यात्रियों के पिछले यात्रा इतिहास, खोज पैटर्न और उनकी प्राथमिकताओं का विश्लेषण करके एआइ उन्हें व्यक्तिगत गंतव्य, होटल और बजट-अनुकूल विकल्प सुझा रहा है। रीयल-टाइम अनुवाद उपकरण भाषा की बाधाओं को मिटा रहे हैं और एआइ आधारित कैमरा सिस्टम धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन को वैज्ञानिक दिशा दे रहे हैं। परंतु इस अभूतपूर्व तकनीकी प्रगति के बीच एक अत्यंत गंभीर और यक्ष प्रश्न खड़ा हो गया है- क्या तकनीक का यह अत्यधिक प्रभाव पर्यटन की आत्मा अर्थात मानवीय स्पर्श को समाप्त कर देगा?
मनुष्य का हृदय नहीं बन सकता एआइ
भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में, जहां की संस्कृति ‘अतिथि देवो भव’ के शाश्वत सिद्धांत पर आधारित है, वहां पर्यटन को पूरी तरह एल्गोरिद्म और मशीनों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। पर्यटन मूलत: एक भावना-प्रधान और सेवा-उन्मुख उद्योग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मस्तिष्क तो हो सकता है, लेकिन वह मनुष्य का हृदय नहीं बन सकता। आतिथ्य में जो आत्मीयता, संवेदनशीलता और देखभाल का भाव एक मानव दे सकता है, उसकी पूर्ति रोबोट द्वारा भोजन परोसने या चैटबॉट्स द्वारा त्वरित उत्तर देने से कभी नहीं हो सकती। एआइ वह माध्यम अवश्य बन सकता है जो हमें रास्ता दिखाए, लेकिन वह किसी टूर गाइड या स्थानीय कहानीकार की जगह कभी नहीं ले सकता, जो अपनी जीवंत बातों से यात्रा को अविस्मरणीय बना देता है।
नए सिरे से तैयार हो पर्यटन शिक्षा का पाठ्यक्रम
इस बदलते परिदृश्य में सबसे बड़ी चुनौती और अवसर हमारे शिक्षा क्षेत्र तथा कौशल विकास केंद्रों के सामने हैं। एआइ के कारण पारंपरिक नौकरियों- जैसे डेटा एंट्री, सामान्य बुकिंग या क्लर्क स्तर के कार्य के विस्थापन का खतरा अवश्य है, लेकिन आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र में नई प्रकार की कुशलताओं की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। अब समय आ गया है कि हमें अपनी पर्यटन शिक्षा के पाठ्यक्रम को नए सिरे से तैयार करना होगा। मनुष्यों को प्रतिस्थापित करने के बजाय उनकी क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। विश्वविद्यालय स्तर पर केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों को डिजिटल साक्षरता के साथ-साथ भावनात्मक बुद्धिमत्ता और संकट प्रबंधन जैसे मानवीय कौशलों में भी पारंगत करना होगा। कौशल विकास केंद्रों को युवाओं को एआइ टूल्स का उपयोग करना सिखाना होगा, ताकि वे अधिक उत्पादक बन सकें और तकनीक से भयभीत होकर पीछे न छूट जाएं।
पर्यटन भावनाओं और मानवीय जुड़ाव को महसूस करने की कला
साथ ही, जब वर्तमान सरकार ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली’ और ‘देखो अपना देश’ जैसी पहलों को बढ़ावा दे रही है, तब हमें एआइ का उपयोग अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक तथ्यों और अमूर्त धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए करना चाहिए न कि अपनी पारंपरिक आतिथ्य कला को भुलाने के लिए। अंतत: आवश्यकता इस बात की है कि नीति-निर्माता, शिक्षाविद् और उद्योग जगत मिलकर ऐसी संतुलित और दूरदर्शी रूपरेखा तैयार करें, जिसमें एआइ का उपयोग पर्यटन उद्योग को अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए हो, न कि मानवीय संवेदनाओं को प्रतिस्थापित करने के लिए। नवाचार का स्वागत अवश्य होना चाहिए, लेकिन वह नैतिकता, जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों की सीमाओं के भीतर रहे।
दरअसल, पर्यटन केवल स्थानों को देखने का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं, अनुभवों और मानवीय जुड़ाव को महसूस करने की कला है। तकनीक यात्रा को आसान बना सकती है, लेकिन उसे यादगार बनाने का कार्य आज भी इंसानी संवेदनाएं ही करती हैं। इसलिए पर्यटन का भविष्य न पूरी तरह मशीनों में है और न केवल परंपराओं में, बल्कि तकनीक और मानवीय आत्मीयता के संतुलित संगम में ही उसकी वास्तविक शक्ति और सुंदरता निहित है।