
महिलाओं के खिलाफ हिंसा किसी सभ्य समाज के माथे पर लगा वह कलंक है, जिसे कानूनों, नारों और महिला सशक्तीकरण के दावों से नहीं मिटाया जा सकता। विडंबना यह है कि जिस समाज में नारी को देवी कहकर पूजा जाता है, उसी समाज में जब वह हिंसा, शोषण और उत्पीडऩ का शिकार होती है, तो सबसे पहले उसी से चुप रहने की अपेक्षा की जाती है। यूएन वीमन की हालिया रिपोर्ट बताती है कि शारीरिक और यौन हिंसा झेलने वाली महिलाओं में महज 23 प्रतिशत मदद मांगती हैं और केवल 7 प्रतिशत पुलिस तक पहुंच पाती हैं। वहीं, एनसीआरबी की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,41,534 मामले दर्ज हुए। यानी प्रतिदिन औसतन 1,200 से अधिक मामले। ये आंकड़े हमारी सामाजिक और न्यायिक व्यवस्था की विफलता का आईना हैं।
सवाल यह है कि आखिर महिलाएं शिकायत करने से डरती क्यों हैं? इसका जवाब हमारी सामाजिक मानसिकता में छिपा है। हिंसा की शिकार महिला ही अक्सर सवालों के घेरे में खड़ी कर दी जाती है। उसके कपड़ों, व्यवहार, चरित्र और संबंधों की पड़ताल शुरू हो जाती है, जबकि अपराधी से जवाब मांगने की नौबत बाद में आती है। परिवार की प्रतिष्ठा, बच्चों का भविष्य, आर्थिक निर्भरता और सामाजिक बहिष्कार का डर उसे चुप रहने पर मजबूर करता है। एनसीआरबी के आंकड़ों का एक और चिंताजनक पहलू यह है कि 2024 में पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता के एक लाख से अधिक मामले दर्ज हुए। यह बताता है कि महिलाओं के लिए हिंसा का खतरा केवल घर के बाहर नहीं, बल्कि घर की चारदीवारी के भीतर भी मौजूद है। जिस घर को उसका सबसे सुरक्षित ठिकाना होना चाहिए, वही यदि हिंसा का केंद्र बन जाए तो वह आखिर फरियाद लेकर कहां जाए? इस चुप्पी के लिए केवल समाज को जिम्मेदार ठहराकर सरकार और व्यवस्था को बरी नहीं किया जा सकता। पुलिस थानों में संवेदनशीलता की कमी, शिकायत दर्ज कराने में आनाकानी, लंबी न्यायिक प्रक्रिया और गवाहों की सुरक्षा का अभाव पीडि़त महिला का हौसला तोड़ देते हैं। न्याय यदि वर्षों तक इंतजार कराए, तो वह राहत नहीं, एक और सजा बन जाता है।
सरकार को महिला सुरक्षा के दावों से आगे बढ़कर जवाबदेही तय करनी होगी। शिकायतों का अनिवार्य पंजीकरण, कानूनी और आर्थिक सहायता, सुरक्षित आश्रय तथा समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करनी होगी। डिजिटल हिंसा को भी उतनी ही गंभीरता से लेना होगा। साथ ही, दोषसिद्धि और मामलों के निस्तारण के आंकड़े सार्वजनिक होने चाहिए। किसी देश की तरक्की का पैमाना महिलाओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान भी है। आखिर न्याय का अर्थ केवल अपराधी को सजा देना नहीं, बल्कि पीडि़ता को निर्भय होकर जीने का अधिकार लौटाना भी है।