25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / संविधान हमारी प्रेरणा, विकसित छत्तीसगढ़ हमारा संकल्प

संविधान हमारी प्रेरणा, विकसित छत्तीसगढ़ हमारा संकल्प

जनजातीय इलाकों के विकास में नक्सलवाद सबसे बड़ी बाधा था। यह लोकतंत्र के लिए भी सबसे बड़ा संकट था। नक्सलवादी, पूज्य बाबा साहेब के संविधान द्वारा बनाए गए गणतंत्र की जगह हिंसा और डर के माध्यम से गन तंत्र बनाना चाहते थे...
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Anupam Rajiv Rajvaidya

•

image

विष्णुदेव साय

•

Updated: 25 Nov 2026, 9:26 PM IST

Constitution Day

बाबासाहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं ने देश की प्राचीन लोकतांत्रिक परंपराओं और आधुनिक लोकतांत्रिक विचारों को ध्यान में रखकर हमारा संविधान तैयार किया। 26 नवंबर को इसे अंगीकार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया और हर वर्ष हम उत्साह से संविधान दिवस मनाते हैं।

हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत के साथ ही दुनिया के अनेक देशों को आजादी मिली, अनेक देशों ने लोकतंत्र अपनाया लेकिन चुनिंदा देशों में ही लोकतंत्र सुरक्षित रह पाया। भारत का लोकतंत्र समय के साथ मजबूत होता गया, इसके पीछे हमारे संविधान की ठोस बुनियाद है।

मुझे इस बात का गौरव है कि मेरे बड़े पिताजी नरहरि प्रसाद साय ने आपातकाल के कठिन दौर में जेल जाकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और अनेक कष्ट सहे। उनका यह त्याग संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। वर्ष 2024 में संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे हुए।

पीएम मोदी ने देश के माथे पर कलंक अनुच्छेद 370 को हटाकर हमारे लोकतंत्र को मजबूती दी है। उन्होंने बता दिया कि देश संविधान के मुताबिक चलता है तुष्टीकरण की राजनीति से नहीं चलता। हमारे संविधानविदों ने संविधान के रूप में देश को चलाने के लिए एक गाइडलाइन दी है। हमारा संविधान अंतिम व्यक्ति के उत्थान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देता है। मोदी जी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना आदि योजनाओं से गरीब परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया। जनजातीय इलाकों के विकास में नक्सलवाद सबसे बड़ी बाधा था। यह लोकतंत्र के लिए भी सबसे बड़ा संकट था।

नक्सलवादी, पूज्य बाबा साहेब के संविधान द्वारा बनाए गए गणतंत्र की जगह हिंसा और डर के माध्यम से गन तंत्र बनाना चाहते थे और इसके लिए बस्तर को उन्होंने प्रयोगशाला बनाया था। मोदी जी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हमने सुनियोजित रणनीति बनाकर देश की धरती से माओवाद को हटाया है। आज बस्तर रेड काॅरिडोर नहीं, ग्रीन काॅरिडोर के रूप में जाना जाता है।

हमारा संविधान नागरिक समानता की बात भी करता है। समान नागरिक संहिता पर हमारी पार्टी का सबसे ज्यादा जोर है। यूसीसी को प्रदेश में लागू करने के लिए हमने समिति गठित की है जिसकी अनुशंसा आने पर इस दिशा में उचित निर्णय लिया जाएगा। हमने स्पष्ट किया है कि यूसीसी में हमारे जनजातीय भाइयों के अधिकार, उनकी परंपरा, उनकी संस्कृति पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।

हमारा संविधान सबको अपनी आस्था की आजादी देता है। लोगों को निर्बाध रूप से अपनी आस्था के पालन का वातावरण देने के लिए हमने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया है। हमने विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप बनाया है। संविधान की जनकल्याणकारी भावनाएं और आदर्श विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रकाश स्तंभ की तरह हैं और हम तेजी से यह लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में बढ़ रहे हैं। - विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़

#में अब तक