21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / Cyclone Akvan: अकवान तूफान की दोहरी मार: खेतों में फसल गिरी, खरीदी केंद्रों में धान भीगा

Cyclone Akvan: अकवान तूफान की दोहरी मार: खेतों में फसल गिरी, खरीदी केंद्रों में धान भीगा

Cyclone Akvan: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में टमाटर की फसल को 60 फीसदी तक नुकसान की आशंका, प्रदेशभर में खुले में रखे धान पर भी संकट
5 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Anupam Rajiv Rajvaidya

•

Updated: 22 Nov 2026, 12:13 AM IST

Cyclone Akvan

Cyclone Akvan:चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हुई बेमौसम बारिश ने छत्तीसगढ़ में किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी धान की फसल गिरने और भीगने से भारी नुकसान की आशंका है। वहीं, लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के कारण कटाई भी प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर, धान खरीदी केंद्रों में खुले में रखे उपज पर भी भीगने का खतरा मंडरा रहा है। दुर्ग संभाग के कई जिलों में बारिश के कारण खरीदी बाधित रही। कुछ केंद्रों में धान भीगने की सूचना है, जबकि कई जिलों में खरीदी के आंकड़ों पर भी असर पड़ा है।

दुर्ग में टमाटर को 60 फीसदी तक नुकसान की आशंका: दुर्ग जिले में दो दिनों से जारी बारिश और हवा के कारण खेतों में तैयार धान को 25 से 30 फीसदी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। उद्यानिकी फसलों में टमाटर को 40 से 60 फीसदी और अन्य सब्जियों को 30 से 40 फीसदी तक क्षति पहुंचने का अनुमान है। जिले में अब तक 2929 किसानों से 1,23,564 क्विंटल धान खरीदा गया है। यह धान सीमित सुरक्षा इंतजामों के बीच खुले आसमान के नीचे रखा है। शनिवार को अवकाश के कारण खरीदी बंद रही।

कवर्धा में शनिवार की बारिश से कई खरीदी केंद्रों में खुले में रखा धान भीग गया। हालांकि, कम आवक के कारण नुकसान सीमित बताया जा रहा है। जिले में 15 नवंबर से शुरू खरीदी के तहत अब तक 3,561 किसानों से 13,377.88 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। 20 नवंबर को 2643.73 मीट्रिक टन आवक हुई थी।

बेमेतरा में 44 मीट्रिक टन कम खरीदी: बेमेतरा जिले के 159 उपार्जन केंद्रों में से बारिश के कारण केवल 30 केंद्रों में ही तौल हो सकी। 205 टोकनों के विरुद्ध निर्धारित 956.80 मीट्रिक टन के मुकाबले 912.64 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इस तरह 44.16 मीट्रिक टन कम खरीदी हुई। 14 केंद्रों में शत-प्रतिशत खरीदी हुई, जबकि सोंढ, कोंगियाकला और दाढ़ी सहित 16 केंद्रों में लक्ष्य से कम खरीदी हुई। इससे किसानों को अगले टोकन के लिए मशक्कत करनी पड़ सकती है। बालोद में बारिश नहीं होने से राहत रही। जिले के सभी 161 केंद्रों में अब तक 2,11,796.80 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। आवक कम होने से केंद्रों में धान सुरक्षित रखा गया है। मौसम विभाग ने रविवार से धूप निकलने के आसार जताए हैं।

खेतों में गिरी फसल, कटाई एक सप्ताह पिछड़ने की आशंका: बलौदाबाजार जिले में गुरुवार रात से शुक्रवार तक हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया है। शुरुआती आकलन के मुताबिक किसानों को कम से कम 15 फीसदी नुकसान की आशंका है। अरली वैरायटी की फसल को अधिक नुकसान का अनुमान है। कई खेतों में धान की फसल जमीन पर गिर गई है। वहीं, जांजगीर जिले में करीब 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल गिरने और पानी में डूबने की स्थिति बताई गई है। महासमुंद में फसलें प्रभावित हुई हैं। खेतों में खड़ी और कटकर खलिहानों में रखी फसल बारिश से भीगी है। खेतों में नमी के कारण कटाई एक सप्ताह तक पिछड़ सकती है। हार्वेस्टर को खेतों में ले जाने में भी परेशानी होगी। किसान संगठन के बीएल साव ने प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है। कृषि विभाग के उपसंचालक एफआर कश्यप के अनुसार किसानों को 72 घंटे के भीतर पटवारी या कृषि विभाग में आवेदन करना होगा।

पटवारियों की हड़ताल से सर्वे प्रभावित: धमतरी में आठ घंटे में औसतन 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई और करपा सहित फसल पानी में भीग गई। किसान भारी नुकसान की आशंका जता रहे हैं। कृषि विभाग ने अब तक सर्वे शुरू नहीं किया है। पटवारियों की हड़ताल के कारण सर्वे का काम भी प्रभावित हो रहा है। राजनांदगांव में खरीदी के छठवें दिन शुक्रवार को 122 केंद्रों में 1630 टोकनों के विरुद्ध 868 किसानों से 3356.68 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। 23 नवंबर के लिए सभी केंद्रों में 1460 टोकन जारी किए गए हैं। इनके जरिए 6441.13 मीट्रिक टन खरीदी प्रस्तावित है।

बिलासपुर में बारिश ने दो दिन रोकी धान खरीदी: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पिछले दो दिनों से प्रभावित है। जिले के 154 खरीदी केंद्रों में से 122 में खरीदी शुरू हो चुकी थी। अब तक 2856.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। केंद्रों में तौल प्रभावित रही। शासन के नियमानुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने पर धान की खरीदी नहीं की जा सकती। केंद्रों में धान गीला होने से बारदाने में पलटी करने में भी परेशानी आ रही है। उधर, खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल की कटाई प्रभावित होने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसान फसल बचाने में जुटे हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने बताया कि मौसम साफ होने पर खरीदी में तेजी आने की उम्मीद है।

किसानों को 65100 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने अकवान से फसल नुकसान पर किसानों को प्रति एकड़ 65100 रुपए मुआवजा देने की मांग की है। शनिवार को राजीव भवन में पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि क्षतिपूर्ति की गणना 21 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाए। उन्होंने धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने और जिन किसानों के तीन दिन से टोकन कटे होने के बावजूद खरीदी नहीं हो सकी, उनके टोकन दोबारा जारी करने की मांग भी की। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार फसल नुकसान का आकलन नहीं करवा रही है। उनके मुताबिक पिछले 24 दिनों में तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। लाखों किसानों की फसल खेतों में कटी पड़ी थी या खलिहानों तक नहीं पहुंची थी, जो बारिश में खराब हुई। उन्होंने कहा कि बस्तर में पहले ही 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है। पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल खराब होने का दावा भी उन्होंने किया।

कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम: किसानों की समस्याओं को देखते हुए कांग्रेस ने कंट्रोल रूम बनाया है। इसका शुभारंभ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने किया। कांग्रेस किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी गौरीशंकर पांडे ने बताया कि किसानों को धान बेचने में कोई समस्या हो तो फोन नंबर 07714500780 पर संपर्क कर सकते हैं।