21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / Guest Editor: बचपन में गंवा दिया था पैर, अब तिरंगे के लिए जीतना चाहते हैं मेडल

Guest Editor: बचपन में गंवा दिया था पैर, अब तिरंगे के लिए जीतना चाहते हैं मेडल

Guest Editor: सोच- लगातार प्रयास करते रहें तो न केवल आपकी जिंदगी बदलती है, बल्कि आप दूसरों के लिए भी उम्मीद और प्रेरणा बनते हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Anupam Rajiv Rajvaidya

•

image

दिनेश कुमार

•

Updated: 21 Nov 2026, 7:10 PM IST

Guest Editor

Guest Editor: कभी घर से बाहर जाने के नाम पर छिप जाने वाला रोहित कुमार गौड़ आज देश के लिए पदक जीतने का सपना देखता है। छह साल की उम्र में एक हादसे में अपना एक पैर गंवाने के बाद उसकी दुनिया जैसे सिमट गई थी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दूरस्थ गांव पनकोटा में रहने वाले रोहित के लिए घर से बाहर निकलना भी आसान नहीं था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और आगे बढऩे के अवसर भी सीमित थे। लेकिन गांव के तालाब में तैरने का शौक उसकी जिंदगी की दिशा बदल देगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।

छत्तीसगढ़ दिव्यांग तैराकी संघ ने उसकी प्रतिभा पहचानी, उसे घर से बाहर निकलने का हौसला दिया और तैराकी को पहचान बनाने का अवसर। आज 19 साल का रोहित राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुका है। अब उसका सपना अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए पदक जीतना है। वह अब गुजरात के गांधीनगर स्थित साई केंद्र में प्रशिक्षण ले रहा है और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

तालाब में सीखी तैराकी: रोहित ने पैर गंवाने के बाद भी पानी से दोस्ती नहीं छोड़ी। उसकी फुर्ती और तैराकी की क्षमता ने छत्तीसगढ़ दिव्यांग तैराकी संघ के महासचिव सूरज यादव का ध्यान खींचा। सूरज यादव बताते हैं कि जब वे पहली बार रोहित को लेने उसके घर पहुंचे तो वह डरकर छिप गया। वह घर छोड़कर कहीं जाना ही नहीं चाहता था। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में चयन की जानकारी देने पर भी वह जाने को तैयार नहीं हुआ। परिवार और संघ के प्रयासों से उसे आगे बढऩे के लिए तैयार किया गया।

तीन साल में बदली सोच, अब देश के लिए जीतना है मेडल: रोहित ने वर्ष 2023 में पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और तीन पदक जीतकर सबको चौंका दिया। इसके बाद लगातार मेहनत और अभ्यास से उसने अपनी पहचान बनाई। हाल ही में आयोजित 26वीं पैरा दिव्यांग प्रतियोगिता में 50 मीटर और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में गोल्ड तथा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में सिल्वर मेडल जीता। करीब 60 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद उसकी उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं।

खेल ने बदली जिंदगी: रोहित का मानना है कि दिव्यांग बच्चों को भी सामान्य बच्चों की तरह अवसर और अनुकूल माहौल मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं और कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। रोहित की कहानी केवल पदकों की उपलब्धि नहीं, बल्कि डर से आत्मविश्वास तक पहुंचने का सफर है। उसका बदलता नजरिया उन दिव्यांग बच्चों और युवाओं के लिए संदेश है, जो अपनी परिस्थितियों के कारण घर और समाज तक सीमित रह जाते हैं।

#में अब तक