19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / प्रसंगवश: जिन्ने बस्तर नहीं वेख्या, वो जम्याई नई..!

प्रसंगवश: जिन्ने बस्तर नहीं वेख्या, वो जम्याई नई..!

नक्सलवाद-माओवाद से मुक्त हुए बस्तर को पर्यटन के विश्व मानचित्र पर स्थापित करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Anupam Rajiv Rajvaidya

•

image

अनुपम राजीव राजवैद्य

•

Updated: 20 Nov 2026, 2:22 AM IST

Bastar

प्रसिद्ध पंजाबी कहावत है- 'जिन्ने लाहौर नहीं वेख्या, वो जम्याईनई' यानी कि 'जिसने लाहौर नहीं देखा, उसका जन्म ही नहीं हुआ।' जल्द ही यह कहावत हमारे बस्तर के लिए भी बोली जा सकती है; क्योंकि बस्तर की प्राकृतिक छटा, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन मंदिरों सहित यहां की संस्कृति की अपनी अलग ही पहचान है।

बस्तर करीबन तीन दशकों तक नक्सली और माओवादी हिंसा से प्रभावित रहा। इस वजह से बस्तर में जो विकास होना चाहिए था, वह नहीं हो पाया। यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल सकीं। जबकि प्रकृति ने बस्तर को असीम समृद्धता प्रदान कर रखी है। यहां एक से बढ़कर एक झरने-जलप्रपात हैं। चित्रकोट जलप्रपात की तुलना तो विश्व प्रसिद्ध नियाग्रा जलप्रपात से की जाती है। बैलाडीला की पहाडिय़ों पर 3000 फीट की ऊंचाई पर विराजमान ढोलकल गणेशजी और दंतेवाड़ा में विराजित दंतेश्वरी माई पर आस्था-भक्ति-श्रद्धा रखने वाले देश-विदेश में हैं। छह सदी से ज्यादा प्राचीन और 75 दिनों तक मनाया जाने वाला बस्तर दशहरा यहां की समृद्ध संस्कृति को दर्शाता है।

नक्सलवादी और माओवादी हिंसा ने बस्तर की इस खूबसूरत धरती को लाल कर रखा था। जान गंवाने के खौफ से लोग बस्तर जाना-आना नहीं चाहते थे। इसी वर्ष मार्च में नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद बस्तर में 18 लाख से ज्यादा सैलानी देश-विदेश से पहुंचे। करीबन 8-9 माह में पर्यटकों की संख्या बताती है कि लोगों में बस्तर को लेकर रुचि है और वे इसे एक्सप्लोर करना चाहते हैं।

अपार संभावनाओं से भरे बस्तर को पर्यटन के विश्व मानचित्र पर स्थापित करने के लिए यहां बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक संरक्षण, इको टूरिज्म पर फोकस करते हुए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। सड़क व रेल के साथ ही हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करना चाहिए। सरकारों को चाहिए कि इस ओर विशेष लक्ष्य निर्धारित कर विकास करे। बस्तर को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने से इकोनॉमी को मजबूती मिलेगी।-अनुपम राजीव राजवैद्य anupam.rajiv@in.patrika.com