18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / पंचतत्वों के सही उपयोग से शरीर रहता स्वस्थ

पंचतत्वों के सही उपयोग से शरीर रहता स्वस्थ

मधुमेह, ब्लड प्रेशर या दिल के रोगी डॉक्टर से पूछे बिना न दवा बंद करें, न लंबा उपवास करें। इसका असली क्षेत्र बचाव है। तीसरा सवाल- शुरू कहां से करें? पांच काम, जो आज से शुरू हो सकते हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

डॉ. भावित बंसल

•

Updated: 18 Nov 2026, 5:45 PM IST

panchatatva

panchatatva

हमारी दादी-नानी बिना किसी डिग्री के तीन बातें जानती थीं। घी खाओ, धूप में बैठो और रात को जल्दी सो जाओ। आज का विज्ञान घूम-फिरकर उसी जगह पहुंच रहा है। राजस्थान में जाड़ा आते ही रसोई बदल जाती है। बाजरे की रोटी पर घी, लहसुन की चटनी, तिल के लड्डू, मेथी और गोंद। दोपहर को छत पर धूप और शाम को अलाव। बुजुर्गों ने इसे कभी चिकित्सा नहीं कहा, पर यही प्राकृतिक चिकित्सा है। इस बार 18 नवंबर को मनाए जाने वाले प्राकृतिक चिकित्सा दिवस की थीम है- प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत। योग व प्राकृतिक चिकित्सा पर शोध करते हुए मुझसे तीन सवाल सबसे ज्यादा पूछे जाते हैं। पहला सवाल- क्या यह विज्ञान है? प्राकृतिक चिकित्सा का मूल विचार सीधा है। शरीर पांच तत्वों यानी मिट्टी, पानी, धूप, हवा और आकाश से बना है और इन्हीं के सही उपयोग से वह स्वस्थ रहता है। हमारे शरीर के भीतर एक घड़ी चलती है, जो सूरज के हिसाब से भूख, नींद और ऊर्जा का समय तय करती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार भारत में हर तीन में से लगभग दो मृत्यु दिल के रोग, मधुमेह व कैंसर जैसे रोगों से होती हैं।

आइसीएमआर के राष्ट्रीय अध्ययन (2023) का अनुमान है कि देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को मधुमेह है और करीब 31.5 करोड़ को हाई ब्लड प्रेशर है। घी से डरिए मत, धूप से भागिए मत और नींद से समझौता मत कीजिए। दूसरा सवाल- क्या दवा छोड़ दूं? नहीं। प्राकृतिक चिकित्सा आधुनिक चिकित्सा की जगह नहीं लेती, उसके साथ चलती है। मधुमेह, ब्लड प्रेशर या दिल के रोगी डॉक्टर से पूछे बिना न दवा बंद करें, न लंबा उपवास करें। इसका असली क्षेत्र बचाव है। तीसरा सवाल- शुरू कहां से करें? पांच काम, जो आज से शुरू हो सकते हैं। घी से डरिए मत। पानी को छोड़ दें तो दिमाग का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा चिकनाई ही है। घर का घी, तिल, मूंगफली, अलसी और मेवे सीमित मात्रा में जरूर खाइए। दिल के रोगी मात्रा अपने डॉक्टर से पूछें। धूप से भागिए मत। जाड़े की सुबह बीस-पच्चीस मिनट छत पर बैठिए। धूप से शरीर विटामिन-डी बनाता है। तिल या सरसों के तेल की मालिश धूप में कीजिए, रूखी त्वचा और अकड़े बदन को आराम मिलेगा। घड़ी सूरज से मिलाइए। रोज एक ही समय पर उठिए और खाइए। सुबह की रोशनी आंखों तक पहुंचने दीजिए। रात का भोजन जल्दी और हल्का लीजिए, ताकि पेट को भी रात भर का विश्राम मिले। नींद से समझौता मत कीजिए। सात-आठ घंटे की नींद विलासिता नहीं, जरूरत है। सोने से एक घंटा पहले मोबाइल रख दीजिए और कमरे में अंधेरा रखिए। सुबह घास या मिट्टी पर दस मिनट नंगे पांव चलिए। इसमें धूप, खुली हवा और हलचल, तीनों एक साथ मिलते हैं। पानी भी पीते रहिए। सर्दी में प्यास कम लगती है, जरूरत नहीं घटती।

डॉ. भावित बंसल,(सीनियर रिसर्च फेलो, केंद्रीय योग व प्राकृतिक अनुसंधान परिषद)