18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / संपादकीय: बड़ी जिम्मेदारी के लिए बड़ा चरित्र भी जरूरी

संपादकीय: बड़ी जिम्मेदारी के लिए बड़ा चरित्र भी जरूरी

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी यह मानने को तैयार नहीं है। लेकिन, हुआंग के व्यवहार ने शक को गहरा जरूर कर दिया है। खासकर इस पृष्ठभूमि में कि अमरीका से आगे बढऩे की होड़ में लगे चीन के जासूसों के तकनीकी जानकारी चुराते पकड़े जाने के दावे पहले भी किए जाते रहे हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anil Karma

•

Updated: 18 Nov 2026, 2:48 PM IST

nvidia

nvidia

किसी कंपनी को खड़ा करने में एक व्यक्ति की प्रतिभा, दूरदृष्टि और नेतृत्व में बड़ी भूमिका उसे कंपनी से बड़ा होने का भ्रम दे देती है। ऐसा होने पर व्यक्ति अपने आचरण के प्रति लापरवाह हो जाता है। दुनिया की सबसे बड़ी एआइ चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेनसेन हुआंग के प्रेम संबंधों का मामला भी ऐसा ही उदाहरण है, जिसने दुनिया की आइटी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। इस मामले में हुआंग के इस्तीफे और उन्हें वापस लाने के लिए 1.80 लाख से अधिक लोगों की अपील ने कारोबारी पारदर्शिता की जरूरत और ऐसा न करने पर होने वाले नुकसान के सवाल को फिर से महत्वपूर्ण बना दिया है। हुआंग ने तीन दशक से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व किया और उसे तकनीक की दुनिया की सबसे प्रभावशाली कंपनियों में शामिल कराया।

वैसे कहा जा सकता है कि हुआंग के प्रेम संबंध उनका निजी विषय है और उसका किसी कंपनी के कामकाज से क्या लेना-देना? इसका जवाब इतना आसान नहीं है। जो व्यक्ति जितना महत्वपूर्ण होता है, उससे सच्चाई, ईमानदारी और पारदर्शिता की उम्मीद भी उतनी ही बढ़ जाती है। यदि वह कंपनी का प्रमुख है तो उसके साथ हजारों-लाखों अन्य लोगों के भविष्य भी स्वयं ही जुड़ जाते हैं। हुआंग के चरित्र पर उठे सवाल का दायरा अतिरिक्त किसी महिला से संबंध रखने तक सीमित नहीं है। सच छिपाने का अपराध ज्यादा बड़ा है क्योंकि यह संदेह को बल प्रदान करता है। हुआंग के प्रेम संंबंध जिस महिला से बताए जा रहे हैं उस पर अमरीकी खुफिया एजेंसियों को चीनी जासूस होने का शक भी है। हालांकि अभी तक जासूसी वाली बात साबित नहीं हुई है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी यह मानने को तैयार नहीं है। लेकिन, हुआंग के व्यवहार ने शक को गहरा जरूर कर दिया है। खासकर इस पृष्ठभूमि में कि अमरीका से आगे बढऩे की होड़ में लगे चीन के जासूसों के तकनीकी जानकारी चुराते पकड़े जाने के दावे पहले भी किए जाते रहे हैं।

शीर्ष नेतृत्व के लिए केवल पेशेवर दक्षता पर्याप्त नहीं है। ईमानदारी, विवेक, गोपनीयता के प्रति प्रतिबद्धता व हितों के टकराव से बचने का आचरण भी उतना ही जरूरी है। निजी जीवन का हर पहलू कंपनी का मामला नहीं हो सकता, लेकिन जब निजी संबंधों से संस्थागत हित प्रभावित होने की आशंका हो तो उसे केवल निजी मामला कहकर टाला भी नहीं जा सकता। एनवीडिया का महत्व अब किसी एक कंपनी तक सीमित नहीं है। उसके चिप एआइ की वैश्विक दौड़ के केंद्र में हैं। उसके कारोबारी फैसले तकनीकी प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रीय सुरक्षा तक असर डालते हैं। ऐसे में उसके मुखिया के आचरण पर उठे सवालों का दायरा स्वाभाविक रूप से बड़ा हो जाता है। कंपनी किसी व्यक्ति से बड़ी होती है पर, बड़ी जिम्मेदारी निभाने वाले व्यक्ति के चरित्र का सवाल भी कंपनी के भविष्य से छोटा नहीं होता।