
ai
शिक्षा का वास्तविक लक्ष्य मनुष्य का निर्माण है- ऐसा मनुष्य जो ज्ञानवान होने के साथ विवेकशील, कुशल होने के साथ संवेदनशील और सफल होने के साथ जिम्मेदार भी हो। एआइ के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने शिक्षा के सामने इसी मूल प्रश्न को फिर से खड़ा कर दिया है कि बदलती तकनीक के बीच हम आने वाली पीढिय़ों को केवल अधिक सक्षम बना रहे हैं या बेहतर मनुष्य भी बना रहे हैं?भारतीय शिक्षा-दृष्टि में इस प्रश्न का उत्तर गहराई से निहित है। हमारी परंपरा में विद्या को केवल सूचना या रोजगार का साधन नहीं, बल्कि आत्मविकास और जीवन को सार्थक बनाने का माध्यम माना गया है। भारतीय चिंतन में शिक्षा को शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास से जोड़ा गया है। गुरु-शिष्य परंपरा का आदर्श भी केवल विषय का ज्ञान देना नहीं था, उसमें आचरण, अनुशासन, प्रश्न करने की स्वतंत्रता, जीवन-मूल्यों और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का विकास शामिल था।
एआइ इस शिक्षा-यात्रा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करता है। इसके माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जा सकता है, विभिन्न भाषाओं में अध्ययन-सामग्री उपलब्ध कराई जा सकती है और विद्यार्थियों की सीखने की गति तथा आवश्यकता के अनुसार व्यक्तिगत सहायता दी जा सकती है। शोध, अनुवाद, अभ्यास और लेखन जैसे कार्यों में भी यह उपयोगी सहयोगी बन सकता है। इससे शिक्षक का समय केवल जानकारी देने में खर्च होने के बजाय विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व-विकास पर लगाया जा सकता है, लेकिन तकनीक के इन लाभों के साथ कुछ गंभीर चुनौतियां भी हैं। यदि विद्यार्थी हर प्रश्न का उत्तर एआइ से लेने लगें, तो उनकी स्वतंत्र सोच, समस्या-समाधान की क्षमता और मौलिकता प्रभावित हो सकती है। एआइ कभी-कभी गलत या भ्रामक जानकारी भी प्रस्तुत कर सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को केवल उत्तर प्राप्त करना नहीं, बल्कि उत्तर की विश्वसनीयता जांचना, तर्क करना, स्रोतों की पड़ताल करना और स्वयं निष्कर्ष तक पहुंचना सिखाना आवश्यक है।
भारतीय ज्ञान-परंपरा में प्रश्न, संवाद, तर्क और आत्मचिंतन को जो महत्व दिया गया है, वह आज इस संदर्भ में विशेष प्रासंगिक है। यहां शिक्षा के तीन पक्ष- ज्ञान, कौशल और दृष्टिकोण- विशेष महत्व रखते हैं। इनके साथ मूल्यबोध का होना भी अनिवार्य है। ज्ञान बताता है कि क्या संभव है, कौशल उसे करने की क्षमता देता है और दृष्टिकोण यह तय करता है कि व्यक्ति किस दिशा में आगे बढ़ेगा। लेकिन नैतिक मूल्य यह निर्धारित करते हैं कि वह अपनी क्षमता का उपयोग किस उद्देश्य से करेगा।एआइ के युग में नैतिक शिक्षा का दायरा भी विस्तृत हुआ है। विद्यार्थियों को यह समझना होगा कि किसी कार्य को तकनीकी रूप से कर पाना और उसे नैतिक रूप से करना दो अलग बातें हैं। इस बदलते परिवेश में शिक्षक की भूमिका समाप्त नहीं होती, बल्कि और महत्वपूर्ण हो जाती है। शिक्षक अब केवल जानकारी देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, प्रेरक और विवेक विकसित करने वाला सहयात्री है।
एआइ जानकारी दे सकता है, अभ्यास करा सकता है और सीखने की प्रक्रिया में सहायता कर सकता है, लेकिन विद्यार्थी की भावनाओं को समझना, उसके भीतर आत्मविश्वास जगाना, नैतिक दुविधाओं पर संवाद करना और उसके चरित्र को दिशा देना शिक्षक की विशिष्ट भूमिका है। सफलता का मूल्यांकन केवल परीक्षा के अंकों, रोजगार की उपलब्धता या तकनीकी दक्षता से नहीं किया जा सकता। यह भी देखना होगा कि उससे विद्यार्थी में कितना विवेक, आत्मविश्वास, संवेदना, सृजनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित हुआ।एआइ हमारी क्षमताओं का विस्तार कर सकता है, लेकिन उन क्षमताओं को दिशा देने का काम मानवीय विवेक और संस्कार ही करेंगे। आने वाले समय में सबसे बड़ी चुनौती मशीनों से अधिक बुद्धिमान बनना नहीं, बल्कि अपनी बुद्धिमत्ता का उपयोग अधिक मानवीय, न्यायपूर्ण और जिम्मेदार ढंग से करना है। ज्ञान भविष्य के अवसर खोलेगा, कौशल उन्हें साकार करेगा और संस्कार यह सुनिश्चित करेंगे कि उस भविष्य का लाभ पूरी मानवता को मिले।
डॉ. एन.एम. सिंघवी,(पूर्व अध्यक्ष, प्रशासनिक सुधार, मानव संसाधन विकास एवं जनशक्ति नियोजन समिति राजस्थान)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.




