
सांकरा से बड़भूम तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य करीब तीन माह तक बंद रहने के बाद फिर शुरू हो गया है। अधूरे निर्माण के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से 17 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक सांकरा (क) से करीब 9 किलोमीटर तक डामरीकरण हो चुका है, जबकि बड़भूम तक लगभग 8 किलोमीटर सड़क का निर्माण बाकी है।
सड़क पर अधूरी बिछी गिट्टियों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही थी। कई वाहन पंचर होने की शिकायतें भी सामने आई थीं। गिट्टियों पर दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता था। वहीं उड़ती धूल से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। ग्रामीणों और वाहन चालकों द्वारा लगातार निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की जा रही थी।
यह भी पढ़ें :
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता एस. ध्रुव ने बताया कि डामर की कमी और बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। अब दोबारा काम शुरू करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित ठेकेदार को दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण के शुरुआती दौर में सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद विधायक संगीता सिन्हा ने मौके का निरीक्षण किया था। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए थे।
ग्रामीण रावेन्द्र और राहगीर विजय व नमेन्द्र ने बताया कि वे रोजाना काम के सिलसिले में इस मार्ग से चारामा जाते हैं। लंबे समय से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। अधूरे निर्माण से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। अब काम दोबारा शुरू होने से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
21 Nov 2026, 11:40 PM IST
Published on:
21 Nov 2026, 11:40 PM IST
बड़ी खबरें
View AllExclusive
Prime




