4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

त्योहारी सीजन में साप्ताहिक बाजार में अव्यवस्था, मालवाहकों के प्रवेश पर प्रतिबंध बेअसर

भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दीपावली तक सुबह 10.30 बजे से रात 8.30 बजे तक सदर मार्ग पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बालोद

•

image

Chandra Kishor Deshmukh

•

Updated: 4 Nov 2026, 10:57 PM IST

भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दीपावली तक सुबह 10.30 बजे से रात 8.30 बजे तक सदर मार्ग पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। मगर साप्ताहिक बाजार के दिन मालवाहक वाहन बेरोकटोक सदर मार्ग में प्रवेश करते रहे। जिससे खरीदारी करने आए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दीपावली नजदीक आते ही जिला मुख्यालय का बाजार सज गया है। दीये, कपड़े, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, खिलौने और उपहार सामग्री की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, बाजार में बढ़ती भीड़ के बीच सदर मार्ग पर जाम की समस्या फिर गंभीर हो गई है। भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दीपावली तक सुबह 10.30 बजे से रात 8.30 बजे तक सदर मार्ग पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। इसका उद्देश्य बाजार में बड़े वाहनों की आवाजाही रोककर ग्राहकों को राहत देना है। इसके बावजूद बुधवार को साप्ताहिक बाजार के दिन मालवाहक वाहन बेरोकटोक सदर मार्ग में प्रवेश करते रहे। दोपहर में बाजार में भीड़ बढऩे के दौरान मालवाहक वाहनों के पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई। लोग वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर निकलते नजर आए। बाइक और कार सवार भी काफी देर तक फंसे रहे। महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ी।

संकरी सड़क पर बढ़ा वाहनों का दबाव

सदर बाजार की सड़क संकरी है और दोनों ओर दुकानें होने के कारण यहां पहले से ही आवागमन सीमित रहता है। ऐसे में भीड़ के बीच मालवाहक वाहनों का प्रवेश जाम की स्थिति पैदा कर देता है। यातायात पुलिस का प्रतिबंध भी बुधवार को प्रभावी नजर नहीं आया।

एक जवान के भरोसे बाजार की व्यवस्था

बुधवार को यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पूरे बाजार में एक ही जवान तैनात नजर आया। ऐसे में वाहनों को रोकने, चालकों को समझाइश देने और नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी एक जवान के लिए मुश्किल रही। जिले में मंत्री के आगमन के चलते कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई थी। इसका असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा।

आज इन स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरिकेड

यातायात विभाग के अनुसार गुरुवार से व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। घड़ी चौक और हलधर नाथ योगी चौक पर बैरिकेड लगाए जाएंगे। यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर मालवाहक वाहनों को सदर मार्ग में प्रवेश करने से रोका जाएगा।

सड़क पर सामान फैलाने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर सड़क तक सामान नहीं फैलाने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई के साथ सामान जब्त किया जाएगा। व्यापारियों से ग्राहकों को दुकानों के सामने वाहन खड़े नहीं करने के लिए समझाने की अपील भी की गई है। दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनका फोकस सड़क की ओर रखने कहा गया है। पुलिस अधिकारी प्रतिदिन सदर मार्ग और बुधवारी बाजार का निरीक्षण करेंगे। पेट्रोलिंग टीम भी सुबह से देर रात तक गश्त करेगी।

व्यापारी प्रशासन का करें सहयोग

चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश जैन ने कहा कि व्यापारी प्रशासन का सहयोग करेंगे। जाम से ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को नुकसान होता है। सभी चाहते हैं कि लोग सुविधाजनक तरीके से बाजार पहुंचकर खरीदारी कर सकें।

खरीदारी के लिए उमड़ रहे ग्राहक

बाजार में मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, झालर, रंगोली और घर सजाने की सामग्री की मांग बढ़ रही है। दुकानदारों ने भी आकर्षक सजावट की है। आने वाले चार दिनों में अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। व्यापारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था बेहतर होने से बाजार में खरीदारी और बढ़ेगी। लोगों ने भी प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।

प्रतिबंध में मालवाहक घुसने पर होगी कार्रवाई

यातायात प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से रात 8.30 बजे तक मालवाहकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित समय में सदर मार्ग पर मालवाहक वाहन मिलने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी सहमति और सुझाव के आधार पर समय में बदलाव भी किया जा सकता है।