
sanchar sathi app
मोबाइल फोन चोरी होना अब केवल एक कीमती उपकरण खोने की घटना नहीं है। इसके साथ व्यक्ति की पहचान, बैंक खातों, निजी तस्वीरों, संपर्कों और डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे में मोबाइल चोरी पर अंकुश लगाना कानून व्यवस्था के साथ डिजिटल सुरक्षा की चुनौती बन गया है। केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग का संचार साथी ऐप इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह व्यवस्था मोबाइल चोरों पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी हुए फोन को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में सफल हो रही है? संचार साथी पोर्टल की शुरुआत मई 2023 में हुई थी, जबकि मोबाइल ऐप 17 जनवरी 2025 को शुरू किया गया। इसके अंतर्गत केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर यानी सीईआइआर की व्यवस्था है। प्रत्येक मोबाइल का 15 अंकों का आइएमईआइ नंबर उसकी विशिष्ट पहचान होता है।
मोबाइल चोरी या गुम होने पर इस नंबर के माध्यम से फोन को देश के सभी दूरसंचार नेटवर्क पर ब्लॉक कराया जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति चोरी के फोन में दूसरा सिम डालकर इस्तेमाल करता है तो नेटवर्क के जरिये उसकी पहचान संबंधी सूचना पुलिस तक पहुंच सकती है। इस तरह तकनीक चोरी के बाद फोन के दुरुपयोग को रोकने और उसकी बरामदगी में मदद करती है। हालांकि यह व्यवस्था मोबाइल चोरी की वारदात को सीधे नहीं रोकती। दूरसंचार विभाग के आधिकारिक सीईआइआर डैशबोर्ड के नवीनतम उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देशभर में 61,68,979 मोबाइल ब्लॉक, 38,22,893 ट्रेस और 14,25,210 बरामद किए जा चुके हैं। ट्रेस किए गए मोबाइल के मुकाबले बरामदगी का राष्ट्रीय अनुपात 37.28 प्रतिशत है। अर्थात प्रत्येक सौ ट्रेस किए गए मोबाइल में लगभग 37 ही बरामद होकर मालिकों तक पहुंचे। यह आंकड़ा तकनीकी उपलब्धि के साथ बरामदगी की चुनौती भी सामने रखता है।
राज्यवार समीक्षा में उल्लेखनीय अंतर दिखाई देता है। आंध्र प्रदेश में 1,45,677 मोबाइल ट्रेस हुए और 85,237 बरामद किए गए। यहां बरामदगी अनुपात 58.51 प्रतिशत रहा। गुजरात में 1,45,239 ट्रेस और 73,696 बरामदगी के साथ यह अनुपात 50.74 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश में 3,50,156 ट्रेस और 1,71,699 बरामद मोबाइल के साथ अनुपात 49.04 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़ में 48.56 और मध्य प्रदेश में 44.79 प्रतिशत बरामदगी दर्ज हुई। राजस्थान की स्थिति भी ध्यान खींचती है। प्रदेश में 2,10,679 मोबाइल ब्लॉक, 1,44,394 ट्रेस और 70,155 बरामद किए गए। इस तरह बरामदगी अनुपात 48.59 प्रतिशत रहा, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। दूसरी ओर बिहार में 1,02,236 ट्रेस मोबाइल के मुकाबले 25,381 बरामद हुए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 6,73,719 मोबाइल ट्रेस होने के बावजूद केवल 55,334 बरामद हुए। यहां बरामदगी अनुपात महज 8.21 प्रतिशत है। ये आंकड़े बताते हैं कि तकनीकी पहचान के बाद पुलिस की कार्रवाई और अंतरराज्यीय समन्वय की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। इस व्यवस्था का लाभ उठाने के लिए मोबाइल चोरी होते ही पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। मोबाइल के बॉक्स या खरीद बिल से आइएमईआइ नंबर प्राप्त कर संचार साथी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ब्लॉक योर लॉस्ट/स्टोलन मोबाइल हैंडसेट विकल्प से आवेदन करें। आवेदन की रिक्वेस्ट आइडी सुरक्षित रखें। फोन में नया सिम इस्तेमाल होने पर ट्रेसिंग संबंधी सूचना नागरिक और संबंधित पुलिस थाने को भेजी जा सकती है। चोरी हुए मोबाइल से जुड़े बैंक, यूपीआइ और ई-मेल खातों की सुरक्षा भी तत्काल सुनिश्चित करें। वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर 1930 पर शिकायत करें। संचार साथी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उसने मोबाइल चोरी की जांच को देशव्यापी दूरसंचार नेटवर्क से जोड़ दिया है। फिर भी चोरी के फोन के पुर्जे अलग करके बेचना, आइएमईआइ से छेड़छाड़ और दूसरे राज्यों में अवैध कारोबार जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।
नियंत्रण के लिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पुराने मोबाइल की खरीद-बिक्री पर निगरानी और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। संचार साथी की सफलता का पैमाना केवल ऐप डाउनलोड या ब्लॉक किए गए मोबाइल की संख्या नहीं होना चाहिए। असली कसौटी यह है कि कितने फोन उनके मालिकों को लौटे और इसमें कितना समय लगा। तकनीक चोरी हुए मोबाइल का सुराग दे सकती है, पर सुराग को बरामदगी में बदलना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। मोबाइल चोरों पर अंकुश तभी लगेगा, जब चोरी का फोन बेचना कठिन और उसका पकड़ा जाना अधिक संभावित होगा।
बलवंत राज मेहता,(वरिष्ठ पत्रकार)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन



