ओपिनियन

संपादकीय: शुद्धता की जांच में देरी का मतलब सेहत से खिलवाड़

रास्ता तो नहीं देती? कानून का उल्लंघन करने वाले को यह भरोसा नहीं होना चाहिए कि वह व्यवस्था में किसी तरह रास्ता निकाल लेगा।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 4:00 PM IST
bisleri
bisleri

खाने-पीने की चीजों की शुद्धता और सुरक्षा का सवाल सीधे नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। ऐसे में जांच एजेंसियां सिर्फ नमूने उठाने और उन्हें प्रयोगशालाओं तक भेजकर ही अपनी जिम्मेदारी व जवाबदेही से मुक्त नहीं हो सकती। समय पर जांच, नतीजों के आधार पर कार्रवाई और बाजार में अमानक उत्पादों की पहुंच रोकने की भी इनकी जिम्मेदारी है। बोतलबंद पानी के एक नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक रासायनिक तत्व मिलने का मामला इस व्यवस्था की एक बड़ी कमजोरी उजागर करता है। नमूना फरवरी 2025 में लिया गया था और जांच से जुड़ी प्रक्रिया में करीब 14 महीने लग गए। सवाल है कि उपभोक्ता की सेहत से जुड़े मामले में इतना लंबा इंतजार क्यों? जब तक जांच का नतीजा आएगा, तब तक उस बैच का पानी न जाने कितने लोग पी चुके होंगे। क्या जांच का उद्देश्य सिर्फ गड़बड़ी दर्ज करना ही है या उसे समय रहते रोकना भी है?
सवाल सिर्फ जांच में देरी का नहीं, बल्कि निर्माता कंपनियों में कानून के प्रति भय के अभाव का भी है। आखिर अमानक वस्तु बेचने से किसी कंपनी को डर क्यों नहीं लगता? क्या उसे भरोसा है कि नमूने की जांच में महीनों लगेंगे, कार्रवाई की प्रक्रिया लंबी चलेगी और तब तक कारोबार चलता रहेगा? हमारे यहां नियम-कायदे कम नहीं हैं, लेकिन उनके पालन और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल हैं। कहीं प्रक्रियागत ढिलाई कहीं निगरानी की कमजोरी कंपनियों को बचाव का रास्ता तो नहीं देती? कानून का उल्लंघन करने वाले को यह भरोसा नहीं होना चाहिए कि वह व्यवस्था में किसी तरह रास्ता निकाल लेगा। कई विकसित देशों में उत्पाद की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने पर भारी आर्थिक दंड, उत्पाद वापसी, लाइसेंस पर कार्रवाई और प्रतिष्ठा को नुकसान का जोखिम रहता है।

भारत में भी ऐसी कार्रवाई का डर उतना ही प्रभावी होना चाहिए। महाराष्ट्र में तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा को लेकर हुई सक्रियता इस दिशा में एक उदाहरण है। नियमित निरीक्षण और कार्रवाई को प्राथमिकता देकर निगरानी व्यवस्था को सक्रिय बनाया जा सकता है। नमूना लेने, प्रयोगशाला में परीक्षण, रिपोर्ट जारी करने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई तक हर स्तर की समय-सीमा तय होनी चाहिए। रिपोर्ट में देरी हो तो उसकी जवाबदेही भी तय हो। बोतलबंद पानी ही क्यों? दूध, घी, खाद्य तेल, मसाले, पैकेज्ड फूड और रोजमर्रा उपयोग की तमाम वस्तुओं की गुणवत्ता की भी लगातार जांच होनी चाहिए।बाजार में बिकने वाला हर उत्पाद उपभोक्ता के भरोसे पर टिका है। जांच एजेंसियों की सफलता समय रहते पकड़ी गई गड़बडिय़ों और उपभोक्ताओं तक सुरक्षित उत्पाद पहुंचने से मापी जानी चाहिए। कंपनियों को साफ संदेश मिलना चाहिए कि मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करना न आसान है, न सस्ता और न ही जोखिम से खाली।

Updated on:
25 Nov 2026, 4:00 PM IST
Published on: