ओपिनियन

बाल विवाह निरस्त कराना भी भविष्य के लिए सार्थक कदम

विश्व में भले ही बाल विवाह निरस्त में भारत के आंकड़े सर्वोच्च और सुखदायी हैं पर बाल विवाह पीडि़तों के आंकड़ों के आगे चिमटी भर भी नहीं है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:29 PM IST
child marriage
child marriage

संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के बाद 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाना महज एक तारीख का महत्व नहीं, बल्कि उस सामाजिक संकल्प को नई ताकत देने का अवसर है, जिसके लिए भारत करीब एक सदी से संघर्ष कर रहा है। विडंबना देखिए कि वर्ष 1929 में बाल विवाह रोकने के लिए कानून बनाने वाला देश आज भी इस कुप्रथा से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाया है। कानून बदले, व्यवस्थाएं बदलीं, जागरूकता के अभियान चले, लेकिन बच्चों का बचपन आज भी विवाह की वेदी पर चढ़ रहा है। आखिर कब तक परंपराओं के नाम पर एक ऐसा अपराध कारित किया जाता रहेगा जो बच्चों से उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य के फैसले लेने का अधिकार छीनता रहेगा?
अब समय केवल बाल विवाह रोकने के प्रयासों को दोहराने का नहीं, बल्कि इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का है। इसके लिए रोकथाम के साथ बाल विवाह निरस्तीकरण और दंडात्मक प्रावधानों की सख्ती से क्रियान्वयन को भी सामाजिक और कानूनी आंदोलन बनाना होगा। वर्ष 1929 का शारदा एक्ट बाल विवाह के खिलाफ भारत की पहली बड़ी कानूनी पहल था। इसके बाद वर्ष 1978 में विवाह की न्यूनतम आयु बढ़ाई गई और वर्ष 2006 में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम लागू हुआ। विश्व में भले ही बाल विवाह निरस्त में भारत के आंकड़े सर्वोच्च और सुखदायी हैं पर बाल विवाह पीडि़तों के आंकड़ों के आगे चिमटी भर भी नहीं है। भारत में ही इतने बाल विवाह पीडि़त हैं कि उन्हें इस बात का ज्ञान ही नहीं कि उनका बाल विवाह कैंसिल करवाया जा सकता है और वे एक शोषणमुक्त जिंदगी जी सकते हैं।

बाल विवाह के आंकड़े बताते हैं कि कानून की किताबों में दर्ज प्रावधानों और समाज की वास्तविकता के बीच अब भी गहरी खाई है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 ने बाल विवाह को संज्ञेय और गैर जमानती अपराध की श्रेणी में रखा है। बाल विवाह किसी एक रस्म या पारिवारिक निर्णय का मामला नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का हनन है। यह उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, गरिमा और स्वतंत्र अस्तित्व पर चोट करता है। बाल विवाह रोकना निस्संदेह सबसे पहली प्राथमिकता है, लेकिन जो बाल विवाह पहले ही हो चुके हैं, उनके पीडि़तों को उस शोषण से मुक्ति दिलाना भी उतना ही जरूरी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अंतर्गत बाल विवाह निरस्तीकरण इसी बदलाव का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है। बाल विवाह रोकना भविष्य को बचाना है, जबकि बाल विवाह निरस्त करवाना छिन चुके भविष्य को लौटाना है। अब केवल बाल विवाह पर विराम नहीं, बल्कि हर पीडि़त को नई जिंदगी देने का संकल्प लेना होगा। यही संकल्प बाल विवाह मुक्त भारत को नया मुकाम देगा।

डॉ. कृति भारती,(सारथी ट्रस्ट,जोधपुर)

Updated on:
27 Nov 2026, 5:29 PM IST
Published on: