27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / संपादकीय: सेहत से खिलवाड़ रोकने का सकारात्मक निर्देश

संपादकीय: सेहत से खिलवाड़ रोकने का सकारात्मक निर्देश

भारत में अत्यधिक नमक जनित बीमारियों से मौतों का सालाना आंकड़ा 1.75 लाख है। शुगर और अत्यधिक कैलोरी के सेवन से मौतों की संख्या इससे कहीं अधिक ही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Hari Om Panjwani

•

Updated: 27 Nov 2026, 4:19 PM IST

junk food

junk food

खाद्य पदार्थों में हानिकारक तत्वों की पहचान को लेकर जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश काफी अहम है, जिसमें पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट के पैकेट पर खतरे का निशान लगाने व्यवस्था दी है। खतरे के निशान से उपभोक्ताओं को यह जानकारी आसानी से मिल सकेगी कि वे जिस उत्पाद को खरीद रहे हैं वह उनकी सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकता है। पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट में जहर तो नहीं होता, लेकिन आम आदमी की जिंदगी में जहर घुल जाए, ऐसे तत्व आधिक्य में जरूर होते हैं। इनमें नमक, शुगर, फैट, कैलोरी की अधिकता शामिल है। इन तत्वों से कोई उत्पाद भले ही स्वाद में भाता हो लेकिन इनका आधिक्य शरीर के लिए काफी नुकसान पहुंचाने वाला होता है।

अब तक कंपनियां पैकेट में उत्पाद के तत्वों की मात्रा का छोटे-छोटे शब्दों में उल्लेख कर रही हैं, लेकिन यह मात्रा सेहत के लिए कितनी खतरनाक है इसका पता नहीं लग पाता। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से कहा है कि पैकेट्स पर न्यूट्रिशन लेबलिंग नियमों को सख्त करे। अब प्रोडक्ट पर ऊपर की ओर ही खतरे का बड़ा निशान लगाए जाने से स्पष्टता आएगी। गफलत, अनजाने या जिद में ऐसे उत्पादों के सेवन की प्रवृत्ति पर निश्चित तौर पर अंकुश लगेगा। इसका असर आने वाले समय में ऐसे उत्पादों से मौतों व बीमारियों के नीचे आते ग्राफ के रूप में परिलक्षित होगा। क्योंकि तमाम शोध लगातार चेताते रहे हैं कि नमक, शुगर, फैट या कैलोरी का अत्यधिक उपभोग शरीर को धीरे-धीरे रोगग्रस्त कर मौत की ओर धकेलता है। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन का आंकड़ा है कि केवल नमक के अत्यधिक सेवन से दुनिया में हर साल 17 से 18 लाख लोग मौत के आगोश में चले जाते हैं। भारत में अत्यधिक नमक जनित बीमारियों से मौतों का सालाना आंकड़ा 1.75 लाख है। शुगर और अत्यधिक कैलोरी के सेवन से मौतों की संख्या इससे कहीं अधिक ही है।

अधिकांश मामलों में डायबिटीज, किडनी और हार्ट फेल इसी की परिणति हैं। दर्दनाक पहलू यह है कि बीमारी घेरने के बाद व्यक्ति की जिंदगी सामान्य नहीं रहती। बीमारी के उपचार से जुड़े वित्तीय पहलू भी नजरअंदाज नहीं किए जा सकते। यह व्यक्ति और देश का बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान है। भारत के संदर्भ में गंभीरता का अहसास इससे कर सकते हैं कि देश में 56 प्रतिशत से ज्यादा बीमारियों का कारण इसी तरह का खानपान है। समय के साथ जागरूकता का स्तर बढ़ा तो है फिर भी असुरक्षित खान-पान से मौतें और बीमारी दर्शाती है कि बहुत कुछ किया जाना शेष है।आम लोगों का स्वास्थ्य दुरुस्त रखने का दायित्व सरकार का है, लेकिन चिंताजनक तथ्य यह है कि लोगों की सेहत से जुड़ा यह प्रकरण एक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट पहुंचाया। सरकार को आम लोगों की सेहत से जुड़े ऐसे मामलों में खुद पहल करनी चाहिए। इसके लिए प्रभावी तंत्र बनाना होगा।