
higher education
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समीक्षा समिति के अध्यक्ष द्वारा हाल ही साझा की गई जानकारी उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक बड़े रणनीतिक बदलाव की ओर इशारा करती है। देशभर के पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रमों- विशेष रूप से बीए, बीएससी और बीकॉम- में नामांकित लगभग 3 करोड़ छात्रों को उद्योग-सक्षम बनाने के लिए अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) को बड़े पैमाने पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण के अनुसार, उच्च शिक्षा के कुल छात्रों में से 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सा स्नातक स्तर का है, जिसमें से अधिकांश हिस्सा इन्हीं पारंपरिक गैर-तकनीकी विषयों में अध्ययनरत है। दशकों से इन पाठ्यक्रमों को 'केवल डिग्री और ट्रांसक्रिप्ट' देने वाली व्यवस्था के रूप में देखा जाता रहा है, जहां व्यावहारिक ज्ञान का अभाव छात्रों को बेरोजगारी या अंडर-एम्प्लॉयमेंट की ओर धकेलता है। इस पृष्ठभूमि में समिति द्वारा उठाया गया यह कदम भारतीय शिक्षा व्यवस्था के लिए क्रांतिकारी भी हो सकता है और साथ ही कई जमीनी चुनौतियों से भरा भी।
भारतीय शिक्षा प्रणाली का सबसे बड़ा संकट यह रहा है कि पाठ्यक्रम बाजार की वास्तविक जरूरतों से कटे हुए हैं। स्नातक स्तर पर 12 से 18 महीने तक वास्तविक कार्य-परिवेश में बिताने का प्रावधान विद्यार्थियों को थ्योरी को व्यावहारिक समस्याओं पर लागू करने का अवसर देगा। इससे जब छात्र डिग्री पूरी करेंगे, तो वे फ्रेशर होने के बावजूद कार्य-अनुभव से लैस होंगे। आमतौर पर इंजीनियरिंग या प्रबंधन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को ही उद्योग जगत से सीधे जुड़ाव का अवसर मिलता रहा है। बीए, बीएससी और बीकॉम के छात्र कॉर्पोरेट या संगठित क्षेत्र की इंटर्नशिप से वंचित रह जाते थे। एईडीपी का प्राथमिक केंद्र इन 3 करोड़ छात्रों को बनाना सामाजिक व शैक्षणिक समानता की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है। योजना के अनुसार, छात्रों को उनके गृह जिले या नजदीकी शहरों में ही अप्रेंटिसशिप उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए स्थानीय जिलाधिकारियों और स्थानीय व्यापारिक निकायों से समन्वय करने की योजना है।
सरकारी अप्रेंटिसशिप योजनाओं और चुनिंदा निजी कंपनियों के माध्यम से छात्रों को स्टाइपेंड (भत्ता) मिलने का प्रावधान है। यह सुविधा निम्न-मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए उच्च शिक्षा की लागत को कम करेगी और पढ़ाई छोडऩे (ड्रॉपआउट दर) की समस्या को हल करने में मददगार साबित होगी। इस कार्यक्रम को अनिवार्य न करके 'वैकल्पिक' रखा गया है। यह व्यवस्था उन छात्रों के हितों की रक्षा करती है जो उद्योग की नौकरी के बजाय विशुद्ध अकादमिक अनुसंधान, साहित्य, उच्च अध्ययन या प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे सिविल सेवा) की ओर जाना चाहते हैं। संख्या के स्तर पर 3 करोड़ छात्रों को 12 से 18 महीने की अप्रेंटिसशिप उपलब्ध कराना अत्यंत दुरूह कार्य है। भारत में संगठित क्षेत्र कुल अर्थव्यवस्था का केवल 10-15 प्रतिशत ही है। सवाल उठता है कि क्या भारतीय उद्योग जगत, विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में करोड़ों छात्रों को वास्तविक और सार्थक तकनीकी प्रशिक्षण देने की क्षमता रखता है? पर्याप्त अवसरों के अभाव में यह योजना केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित हो सकती है।
रिपोर्ट में यह स्वीकार किया गया है कि 'कुछ कंपनियां छात्रों को भुगतान करेंगी, जबकि कुछ केवल व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगी बिना स्टाइपेंड के।' यह एक गंभीर चिंता का विषय है। बिना वित्तीय संरक्षण और कड़े नियमों के, कॉर्पोरेट और स्थानीय संस्थान स्नातक छात्रों का उपयोग 'मुफ्त या बेहद सस्ते क्लर्कियल श्रम' के रूप में कर सकते हैं, जहां वास्तविक कौशल सिखाने के बजाय उनसे केवल नियमित व नीरस कार्य करवाए जा सकते हैं। यदि 3 या 4 वर्ष की डिग्री में से 1.5 वर्ष अप्रेंटिसशिप में ही बीत जाएगा, तो मुख्य विषयों- जैसे इतिहास, दर्शनशास्त्र, बुनियादी विज्ञान और साहित्य- के गहन अकादमिक अध्ययन के लिए समय और ध्यान सीमित हो जाएगा। मुंबई, बेंगलुरु, पुणे या दिल्ली-एनसीआर जैसे औद्योगिक रूप से समृद्ध शहरों के विश्वविद्यालयों में तो छात्रों को आसानी से बड़ी कंपनियों में जगह मिल जाएगी, पर बिहार, ओडिशा, उत्तर-पूर्वी राज्यों या दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों के कॉलेज छात्रों को कहां और किस तरह का प्रशिक्षण मिलेगा? इससे नई 'कौशल विषमता' पैदा हो सकती है, जहां पिछड़े क्षेत्रों के छात्र और अधिक नुकसान की स्थिति में आ जाएंगे।
अकादमिक परीक्षाओं की तरह उद्योग में छात्र द्वारा किए गए कार्य की निष्पक्षता, गुणवत्ता और सीखने के स्तर का मानकीकरण करना बेहद जटिल होगा। कॉलेज फैकल्टी और कंपनियों के प्रबंधकों के बीच समन्वय की कमी, अप्रेंटिसशिप प्रमाण-पत्रों की 'फर्जी बिक्री' या भ्रष्टाचार के नए रास्ते जन्म ले सकते हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति समीक्षा समिति की इस पहल को धरातल पर सफल बनाने के लिए सुधार अनिवार्य हैं। अनिवार्य न्यूनतम स्टाइपेंड की गारंटी होनी चाहिए। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के माध्यम से न्यूनतम मानदेय तय किया जाए। छोटे और मध्यम उद्योगों को छात्रों को प्रशिक्षित करने के बदले टैक्स छूट या सरकारी सब्सिडी दी जाए, जिससे वे गुणवत्तापूर्ण मेंटरशिप दे सकें। हर संस्थान में निगरानी प्रकोष्ठ हो जो यह जांचे कि अप्रेंटिसशिप के दौरान छात्र को वाकई प्रासंगिक डिजिटल, तकनीकी या व्यावसायिक कौशल सिखाया जा रहा है या नहीं। हाइब्रिड मॉडल अपनाया जाए, जिसमें छात्र सप्ताह में कुछ दिन अकादमिक अध्ययन करें और शेष दिन ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग। राष्ट्रीय शिक्षा नीति समीक्षा समिति का यह कदम स्नातक शिक्षा को रोजगारपरक बनाने की दिशा में दूरदर्शी प्रयास है, जिसकी सफलता जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी।
प्रो. अशोक कुमार,(पूर्व कुलपति, गोरखपुर विश्वविद्यालय)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.




