
खेलों की अपनी ही एक अलग दुनिया है अब। इसमें न केवल मैदान पर आप अपना जलवा दिखा सकते हैं, बल्कि इससे जुड़ी और भी कई गतिविधियां हैं, जिसके माध्यम से सुनहरा कॅरियर बनाया जा सकता है। खेल अब सिर्फ मैदान तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने एक इंडस्ट्री का रूप ले लिया है। आज खेल प्रतिभा के दम पर सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता, सम्मान और स्वरोजगार के कई रास्ते खुल रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारें खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अलग-अलग योजनाएं चला रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी जेन-जी को खेलों में सुनहरा भविष्य बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से जहां खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, नकद पुरस्कार और बोनस अंक का प्रावधान किया गया है, वहीं सरकारी नौकरियों में भी खिलाड़ी के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के आधार पर सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज खेलों से संबंधित पढ़ाई भी होती है, बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन व मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन।
इतना ही नहीं, अब तो पब्लिक-प्राइवेट सेक्टर्स में भी जॉब में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए खेल कोटा निर्धारित होता है। साथ ही रेलवे, पेट्रोलियम कंपनियों, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सेना के तीनों अंगों और अन्य संस्थानों में खेल उपलब्धियों के आधार पर भर्ती की जाती है। साथ ही स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, कोचिंग, मार्केटिंग, ब्रॉडकास्टिंग इवेंट मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी और स्पोर्ट्स साइंस जैसे अलग-अलग सेक्टर में भी रोजगार उपलब्ध हैं।
राज्य सरकार को चाहिए कि समय की मांग के अनुसार स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के लिए स्किल डवलपमेंट, ट्रेनिंग प्रोग्राम और कोर्सों को प्राथमिकता दे। वहीं, अभिभावकों को भी उस सोच को बदलना होगा जिसमें कहा जाता था कि 'खेलोगे-कूदोगे होगे खराब।' आज हमारे सामने ऐसे कई व्यक्तित्व हैं, जिनके आधार पर कह सकते हैं कि खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे नवाब। -अनुपम राजीव राजवैद्य anupam.rajiv@in.patrika.com
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
27 Nov 2026, 1:34 AM IST
Published on:
27 Nov 2026, 1:34 AM IST
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन




