ओपिनियन

पाठक पीठ : पाठकों के सराहनीय पत्र Third Week Nov 2026

अखबार सिर्फ खबरों का आईना नहीं होता, वह समाज की सोच, सरोकारों एवं संवाद का मंच भी होता है और इस मंच को सबसे अधिक जीवंत बनाते हैं आप यानी हमारे पाठक। आपकी राय, आपके सवाल, आपकी असहमति और आपके सुझाव ही लोकतांत्रिक संवाद की असली ताकत हैं। तो आइए लिखिए, सवाल उठाइए, सुझाव दीजिए और स्वस्थ संवाद को आगे बढ़ाइए। आप अपने पत्र हमें ई-मेल edit@epatrika.com पर भेज सकते हैं।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 7:34 PM IST
Pathak Peeth 1

पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं पर ध्यान दें

जयपुर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। पर्यटकों को लपकों, जेबकतरों और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और होटलों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। पर्यटकों के साथ ठगी और साइबर अपराध की घटनाएं रोकने के लिए भी पुलिस सतर्क रहे। राजस्थान की पहचान ‘पधारो म्हारे देश’ से है। इस आतिथ्य भाव को सार्थक बनाने के लिए जरूरी है कि पर्यटकों को सुरक्षा और सुविधा का भरोसा मिले। गुलाबी नगर की साख बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
- शिवजी लाल मीना, जयपुर
--------------------------------------

पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी
विकास की दौड़ में हम प्रकृति को पीछे छोड़ते जा रहे हैं। पेड़ों की कटाई, वाहनों का धुआं, औद्योगिक कचरा और प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। स्वच्छ हवा और शुद्ध पानी जीवन की बुनियादी जरूरतें हैं। यदि समय रहते हम नहीं संभले, तो आने वाली पीढ़ियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। पर्यावरण बचाना केवल सरकार की नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी है।
- कपिल पेसवानी, कोटा
--------------------------------------------

खानपान में बदलाव से सुधरेगी सेहत

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय की कमी के चलते प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ता जा रहा है। इनमें शुगर और वसा की मात्रा अधिक होती है, जो स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। इनके नियमित सेवन से मोटापा, हृदय संबंधी रोग तथा लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसका असर व्यक्ति की शारीरिक और बौद्धिक कार्यक्षमता पर भी पड़ता है। इस समस्या का समाधान केवल चिकित्सा पर निर्भर रहकर नहीं किया जा सकता, बल्कि हमारी दिनचर्या और खानपान में बदलाव भी जरूरी है। नियमित व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही भोजन को संतुलित और पौष्टिक रखते हुए उसमें शुगर और तैलीय पदार्थों की मात्रा सीमित करनी चाहिए। स्वस्थ जीवन के लिए खानपान और दिनचर्या में सुधार आवश्यक है।
- दिवांशु समाधिया, भरतपुर
----------------------------------------

लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि
भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यहां जनता का मत सर्वोपरि है। वर्तमान में ईवीएम से चुनाव कराने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में चुनाव बैलेट पेपर से कराने के विकल्प पर भी विचार किया जाना चाहिए। आगामी जनगणना के दौरान नागरिकों से इस विषय पर राय लेने की पहल की जा सकती है। बहुमत की राय के आधार पर चुनाव प्रक्रिया में बदलाव की संभावनाओं पर विचार होना चाहिए। जिन देशों में ईवीएम का इस्तेमाल होता है, वहां भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। भारत में भी चुनाव प्रणाली को लेकर उठने वाली आशंकाओं का पारदर्शी ढंग से समाधान जरूरी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि चुनाव प्रक्रिया पर नागरिकों का भरोसा बना रहे और उनकी राय को उचित महत्व दिया जाए।
- कैलाश चन्द्र मोदी, सादुलपुर
---------------------------------------

मातृभाषा के संरक्षण के लिए ठोस पहल जरूरी

राजस्थानी भाषा आजादी के बाद से ही अपनी पहचान और संवैधानिक सम्मान के लिए संघर्ष कर रही है। प्रदेश में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के वादे करते रहे हैं। लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती। राजनीतिक दल राजस्थानी भाषा के संवर्धन और संरक्षण की बात तो करते हैं, लेकिन इस दिशा में उनकी प्रतिबद्धता नजर नहीं आती। करोड़ों राजस्थानियों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों का अधिकार कब मिलेगा? राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में देने पर जोर दिया गया है, लेकिन प्रदेश के विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में राजस्थानी भाषा को अपेक्षित स्थान नहीं मिल रहा है। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और स्कूलों में इसके अध्ययन और अध्यापन की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। मातृभाषा का संरक्षण केवल घोषणाओं से संभव नहीं है। इसके लिए सरकार की कथनी और करनी में समानता होना जरूरी है।
- आरजू स्वामी, नोहर
------------------------------------

स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास जरूरी
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में राजस्थान के शहरों की रैंकिंग निराशाजनक रही है। स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में जयपुर-बगरू की जोड़ी 65वें और डूंगरपुर-सागवाड़ा की जोड़ी 70वें स्थान पर रही, जबकि महाराष्ट्र की 10 शहर जोड़ियां सूची में जगह बनाने में सफल रहीं। प्रदेश के शहरों का यह प्रदर्शन शहरी स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की जरूरत को रेखांकित करता है। बेहतर रैंकिंग के लिए नगर निकायों को नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करनी होगी। केवल प्रशासनिक प्रयासों से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जब प्रशासन और आमजन मिलकर स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी राजस्थान के शहर इस दिशा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
- कविता बिरम्हान, जयपुर
------------------------------------------

Updated on:
16 Nov 2026, 7:34 PM IST
Published on: