
संग्राम सिंह
इन दिनों इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए कई तरह के उपाय बताए जा रहे हैं। इस मामले में अपनी ढपली-अपना राग वाली स्थिति है। इम्यूनिटी के नाम पर बड़ा बाजार खड़ा हो गया है। लोग इम्यूनिटी बढ़ाने की चाह में अपनी जेब भी ढीली कर रहे हैं और कई बार इस तरह की दवाओं से नुकसान भी होता है। बेहतर तो यह है कि कोई भी दवा लेने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। इस बात को समझना होगा कि इम्यूनिटी एक दिन में विकसित नहीं होती। यह हमारी बेहतर दिनचर्या और खानपान का परिणाम होती है। हर चीज की कीमत समय आने पर पता चलती है। कोविड ने हमें स्वस्थ शरीर का महत्व समझा दिया है। दौलत और शोहरत भी तभी काम की है, जब हमारा शरीर स्वस्थ हो। इसलिए शरीर को स्वस्थ रखना सबसे जरूरी है। यदि शरीर की इम्यूनिटी अच्छी हो तो कोरोना क्या किसी भी बीमारी से डरने की जरूरत नहीं है। हमारे शरीर में कोरोना से भी ज्यादा गंभीर रोगों से लडऩे की क्षमता है, लेकिन गलत जीवनशैली और खानपान से हम इस क्षमता को कमजोर कर लेते हैं। हम भाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म भारत जैसे देश में हुआ है, जहां का शाकाहारी भोजन इम्यूनिटी को मजबूत करता है। हमारे देश में ऐसी कई चीजें हैं जो इम्यूनिटी को बढ़ाती हैं और बहुत आसानी से मिल जाती हैं। हल्दी, तुलसी, नीम, आंवला सभी चीजें इम्यूनिटी बढ़ाने में रामबाण हैं। विटामिन ए के लिए दूध पियो। विटामिन सी के लिए आंवला खाओ। विटामिन बी-१२ के लिए हरी सब्जियां ले सकते हैं। गांवों में घी, दूध, छाछ, लस्सी जैसी चीजों बहुत आसानी से मिलती है। इनका सेवन इम्यूनिटी को बढ़ाता है।
यह बात गांठ बांध कर रख लें कि प्राकृतिक आहार-विहार से ही आपकी इम्यूनिटी बढ़ेगी। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए खुश रहने की कोशिश करें। वजन न बढऩे देंं। भूख लगने पर खाना चाहिए। घर का बना खाना खाएं। फास्ट फूड से बचो। ब्रेकफास्ट में तली हुर्ई चीज मत खाओ। फल, छाछ और नारियल पानी पी लो। इम्यूनिटी धीरे-धीरे बढ़ेगी। शाकाहारी रहो। खाना बैठकर खाएं। साथ ही पानी भी बैठकर पीएं। सुबह शाम शौच के लिए जरूर जाएं। पेट साफ रहेगा तो बीमारी नहीं होगी। खाना खाने से एक घंटे पहले पानी पीयो। खाना खाने के एक घंटे बाद पानी पीयो। मौसम के अनुसार अनार, सेब, पालक आदि का जूस पी सकते हैं। तनाव नहीं रखें। आत्मविश्वास रखें। अपने आप पर भरोसा करो। कुछ लोग अपनी दिनचर्या ठीक नहीं रखते और गोलियों पर ज्यादा भरोसा करते हैं। यह गलत प्रवृत्ति है। ईश्वर पर भरोसा करंे। अपने आप पर विश्वास रखो। विज्ञान अपनी जगह है, लेकिन वह प्रकृति की जगह नहीं ले सकता। प्राणायाम, सूर्य नमस्कार करो। हां, कोरोना से बचने के लिए आवश्यक सावधानी जरूर रखें। मास्क लगाएं, दो गज दूरी रखें और बार-बार हाथ धोएं, लेकिन कोरोना के डर को मन में जगह न दें।
(लेखक इंटरनेशनल प्रोफेशनल रेसलर और हेल्थ गुरु हैं)