ओपिनियन

भारतीय संविधान : राष्ट्र की आत्मा, लोकतंत्र का प्रहरी और भविष्य का संकल्प

संविधान दिवस का दिन इसी महान राष्ट्रीय विरासत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है।
7 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 4:31 PM IST
constitution

वासुदेव देवनानी
अध्यक्ष, राजस्थान विधानसभा

भारत का संविधान केवल शासन संचालन का एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों की सभ्यतागत चेतना, स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, लोकतांत्रिक आकांक्षाओं और आधुनिक राष्ट्र निर्माण के संकल्प का एक जीवंत घोषणा पत्र है। यह भारत की आत्मा, वर्तमान की शक्ति और भविष्य की दिशा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विविधताओं से भरे देश को एक लोकतांत्रिक सूत्र में बांधते हुए प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा का विश्वास प्रदान करता है। संविधान दिवस का दिन इसी महान राष्ट्रीय विरासत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसके बाद स्वतंत्र भारत में 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। वर्ष 2015 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। इसका उद्देश्य संविधान के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना, संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को जनजीवन का हिस्सा बनाना है।
संविधान निर्माण : दूरदर्शिता, संवाद और राष्ट्रीय एकता का ऐतिहासिक दस्तावेज
डॉ. भीमराव राम आंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति ने भारत के संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। डॉ. आंबेडकर को भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है। उनके साथ संविधान सभा के अन्य सदस्यों का योगदान भी अविस्मरणीय है। भारतीय संविधान का निर्माण किसी एक व्यक्ति अथवा विचारधारा का परिणाम नहीं था। यह स्वतंत्रता आंदोलन के अनुभवों, सामाजिक परिवर्तन की आकांक्षाओं और देश की भावी पीढिय़ों के लिए एक न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करने के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल था। संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई। लगभग दो वर्ष, ग्यारह महीने और अठारह दिनों के व्यापक विचार-विमर्श के बाद हमारे देश का संविधान तैयार हुआ। संविधान सभा ने 11 सत्रों में 165 से अधिक दिनों तक बैठकर विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा की। संविधान सभा की बहसें इस बात का प्रमाण हैं कि भारत के निर्माताओं ने मतभेदों को संवाद से सुलझाने, विविध विचारों को स्थान देने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की लोकतांत्रिक परंपरा स्थापित की। यही परंपरा आज भी हमारी संसदीय व्यवस्था की आधारशिला है।
प्रस्तावना : लोकतंत्र का दर्शन और भारत का राष्ट्रीय संकल्प
संविधान की प्रस्तावना उसकी आत्मा और मूल दर्शन का सार है। ‘हम भारत के लोग’ शब्दों से प्रारंभ होने वाली प्रस्तावना स्पष्ट करती है कि भारतीय लोकतंत्र में सत्ता का अंतिम स्रोत जनता है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता इसके चार प्रमुख आदर्श हैं। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय का अर्थ है कि विकास के अवसर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें। विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता व्यक्ति की गरिमा की रक्षा करती है। प्रतिष्ठा और अवसर की समानता लोकतंत्र को सार्थक बनाती है, जबकि बंधुता राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करती है।
मौलिक अधिकार और कर्तव्य : लोकतांत्रिक नागरिकता के दो आधार
भारतीय संविधान का भाग तीन नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करता है। समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक अधिकार और संवैधानिक उपचारों का अधिकार नागरिक स्वतंत्रता के सुरक्षा कवच हैं। डॉ. आंबेडकर ने अनुच्छेद 32 को संविधान का हृदय और आत्मा कहा था। यह अधिकार नागरिकों को मौलिक अधिकारों के संरक्षण के लिए सर्वोच्च न्यायालय जाने की शक्ति देता है लेकिन संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि नागरिकों से कर्तव्यपालन की अपेक्षा भी करता है। 42वें संविधान संशोधन द्वारा मौलिक कर्तव्यों को भाग चार-क में शामिल किया गया। अनुच्छेद 51-क में संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, महिला गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास सहित नागरिकों के दायित्व निर्धारित किए गए हैं। अधिकारों और कर्तव्यों के बीच संतुलन ही आदर्श नागरिकता का आधार है। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
लोकतांत्रिक संस्थाएं : संविधान की मर्यादा और शक्ति
भारतीय संविधान ने विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच शक्तियों का संतुलन स्थापित किया है। संसद और विधानमंडल कानून बनाते हैं, कार्यपालिका उनका क्रियान्वयन करती है और न्यायपालिका संविधान की व्याख्या तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा करती है। संसद और विधानसभाएं लोकतांत्रिक विमर्श के प्रमुख मंच हैं। यहां विचारों की विविधता, स्वस्थ बहस, असहमति का सम्मान और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा लोकतंत्र को जीवंत बनाती है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल कानून बनाना नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप अभिव्यक्ति देना भी है। केशवानंद भारती बनाम केरल राज्य मामले में 1973 के ऐतिहासिक निर्णय के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान के मूल ढांचे के सिद्धांत को स्थापित किया। यह सिद्धांत सुनिश्चित करता है कि संसद के संशोधन अधिकार के बावजूद संविधान की मूल पहचान और लोकतांत्रिक आधार सुरक्षित रहें।
समकालीन चुनौतियां और संवैधानिक चेतना
आज भारत डिजिटल क्रांति, आर्थिक विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और सामाजिक परिवर्तन के नए दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में संविधान की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं का प्रसार, सार्वजनिक संवाद में कटुता, सामाजिक वैमनस्य, न्याय तक समान पहुंच और संस्थाओं में पारदर्शिता जैसे विषय हमारे सामने नई चुनौतियां प्रस्तुत करते हैं। इनका समाधान संवैधानिक मर्यादाओं, सामाजिक समरसता और नागरिक जिम्मेदारी में निहित है। असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन असहमति के साथ संवाद और संस्थाओं के प्रति सम्मान भी आवश्यक है। संविधान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए मतभिन्नताओं के बावजूद साथ चलना ही लोकतांत्रिक परिपक्वता है। संविधान की मूल भावना को बनाए रखते हुए समय और समाज की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप उसमें संशोधन करना भारतीय लोकतंत्र की संवैधानिक व्यवस्था की प्रमुख विशेषता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में भारतीय संविधान में कुल 8 संविधान संशोधन अधिनियम (99वें से 106वें तक) लागू हुए हैं। इनमें न्यायिक नियुक्तियों, कर सुधार, सामाजिक न्याय, आर्थिक आरक्षण, संघीय व्यवस्था और महिला प्रतिनिधित्व जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित संशोधन शामिल हैं। इससे पूर्व भी संविधान संशोधनों ने पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों को संवैधानिक आधार देकर लोकतंत्र को गांवों और शहरों तक पहुंचाया है । शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और स्थानीय स्वशासन की व्यवस्थाओं ने नागरिक भागीदारी को नई शक्ति दी है। संवैधानिक मूल्यों का वास्तविक महत्व तभी है जब वे हमारे सार्वजनिक जीवन, सामाजिक व्यवहार और राष्ट्रीय चरित्र में दिखाई दें। क्योंकि संवैधानिक मूल्यों का व्यवहार में अवतरण होना ही विकसित भारत का मूल आधार है ।

राजस्थान विधानसभा की संविधान दीर्घा : इतिहास, संस्कृति और संवैधानिक चेतना का अनूठा संगम

संविधान के प्रति सम्मान केवल पुस्तकों, भाषणों और समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे देखने, समझने और अनुभव करने की व्यवस्था भी विकसित होनी चाहिए। इसी सोच के अनुरूप राजस्थान विधानसभा में संविधान दीर्घा स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 नवंबर 2024 को राजस्थान विधानसभा के राजनीतिक आख्यान संग्रहालय के डिजिटल म्यूजियम में इस संविधान दीर्घा का लोकार्पण किया गया। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मेरी इस पहल का उद्देश्य संविधान की निर्माण यात्रा, उसके सांस्कृतिक आधार और लोकतांत्रिक मूल्यों को आमजन, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना रहा है। इस दीर्घा की विशेषता यह है कि इसमें मूल संविधान के 22 भागों के प्रारंभ में प्रदर्शित कलात्मक चित्रों को स्थान दिया गया है। इन चित्रों में भारत की हजारों वर्षों की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक परंपरा का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास से अयोध्या लौटने का प्रसंग, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र में अर्जुन को दिया गया गीता का उपदेश, महात्मा बुद्ध, भगवान महावीर, सम्राट अशोक, विक्रमादित्य, छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह और रानी लक्ष्मीबाई जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्वों के चित्र भारतीय सभ्यता की व्यापकता को अभिव्यक्त करते हैं।

महात्मा गांधी के दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित चित्र स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण अध्यायों का स्मरण कराते हैं। इस प्रकार मूल संविधान की कलात्मक अभिव्यक्ति यह बताती है कि आधुनिक भारत का संवैधानिक लोकतंत्र अपनी सांस्कृतिक जड़ों और ऐतिहासिक अनुभवों से अलग नहीं है। दीर्घा में संविधान सभा की महत्वपूर्ण कार्यवाहियों, संविधान के हिंदी संस्करण के प्रमाणीकरण, संविधान सभा के सदस्यों के हस्ताक्षरों, महिला सदस्यों की भागीदारी, विभिन्न समितियों, प्रारूप समिति, संविधान सभा की मुहर और राजस्थान के योगदान से संबंधित ऐतिहासिक सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। यह दीर्घा केवल चित्रों का संग्रह नहीं, बल्कि संविधान निर्माण की पूरी यात्रा को नई पीढ़ी के सामने सजीव करने का प्रयास है। विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यह एक ऐसा शिक्षण स्थल है जहां वे संविधान को केवल पढ़ते नहीं, बल्कि उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को भी समझ सकते हैं। राजस्थान विधानसभा का राजनीतिक आख्यान संग्रहालय स्वयं भी लोकतांत्रिक इतिहास को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी आधुनिक और तकनीक आधारित दीर्घाएं राजस्थान के राजनीतिक विकास, स्वतंत्रता संग्राम, जनआंदोलनों, प्रजामंडल गतिविधियों और विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा को प्रस्तुत करती हैं। संविधान दीर्घा इस व्यापक संग्रहालय में राष्ट्रीय संवैधानिक चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है। इस दीर्घा को अब तक हजार से भी अधिक लोग देख चुके हैं ।

संविधान दिवस : संकल्प से संस्कार तक

आज भारत विश्व मंच पर अपनी आर्थिक, तकनीकी, वैज्ञानिक और सामरिक क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी सार्थक होगा जब विकास के लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, न्याय तथा सम्मान मिले। 26 नवंबर केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, बल्कि राष्ट्र के सामूहिक आत्ममंथन का अवसर है। हमें विचार करना होगा कि क्या संविधान के आदर्श हमारे व्यवहार में दिखाई देते हैं? क्या हम अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निर्वहन करते हैं? क्या हम सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को मजबूत बना रहे हैं? संविधान निर्माताओं ने भारत को एक ऐसी व्यवस्था सौंपी, जिसमें परिवर्तन की क्षमता भी है और स्थायित्व का आधार भी। इसकी रक्षा केवल न्यायालयों, संसद और विधानसभाओं का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। राजस्थान विधानसभा की संविधान दीर्घा इसी भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक माध्यम है। यह हमें स्मरण कराती है कि भारत का संविधान आधुनिक लोकतंत्र की व्यवस्था होने के साथ हमारी सभ्यतागत चेतना, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान और राष्ट्रीय एकता का भी प्रतीक है।

भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हमारे देश में सत्ता परिवर्तन का एकमात्र संवैधानिक और लोकतांत्रिक माध्यम स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं नियमित चुनाव हैं। भारत ने अपनी लोकतांत्रिक यात्रा में अनेक राजनीतिक उतार-चढ़ाव, चुनौतियाँ और असाधारण परिस्थितियाँ देखी हैं, लेकिन सत्ता का हस्तांतरण सदैव संवैधानिक प्रक्रिया और जनादेश के माध्यम से ही हुआ है। न कभी लोकतांत्रिक व्यवस्था से इतर किसी तरीके से सत्ता परिवर्तन हुआ और न ही भारतीय लोकतंत्र की संवैधानिक संरचना में ऐसे किसी असंवैधानिक परिवर्तन की गुंजाइश है। यही हमारे संविधान की शक्ति, लोकतांत्रिक परिपक्वता और जनसत्ता में अटूट विश्वास का प्रमाण है। भारत में सत्ता किसी व्यक्ति, परिवार, संस्था अथवा शक्ति के बल पर नहीं, बल्कि जनता के मत और विश्वास से प्राप्त होती है। यहाँ सरकारें बदलती हैं, लेकिन लोकतंत्र और संविधान की सर्वोच्चता कायम रहती है।आइए, संविधान दिवस पर हम यह संकल्प लें कि संविधान की गरिमा को अपने विचारों, व्यवहार और कर्म में उतारेंगे। लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करेंगे, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देंगे और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाएंगे क्योंकि संविधान केवल भारत को संचालित करने वाला कानून नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, लोकतंत्र का प्रहरी और विकसित, समरस एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण का हमारा शाश्वत राष्ट्रीय संकल्प है।

Updated on:
25 Nov 2026, 4:31 PM IST
Published on: