ओपिनियन

क्या रंग दिखाएगा ‘समाजवादियों’ का दंगल?

सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा महासचिव रामगोपाल वर्मा को छह-छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यानी पिता-पुत्र में सियासी जंग  की रणभेरी बज चुकी है
4 min read
• •
Updated: 30 Dec 2016, 10:29 PM IST
Samajwadi Party
Samajwadi Party
उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनावों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी की अंदरूनी कलह खुल कर सामने आ गई है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा महासचिव रामगोपाल वर्मा को छह-छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यानी पिता-पुत्र में सियासी जंग की रणभेरी बज चुकी है। मुलायम ने तो नया मुख्यमंत्री चुनने तक ऐलान कर दिया है। उत्तरप्रदेश की राजनीति और समाजवादी पार्टी के भविष्य पर
बड़ी बहस

दूसरी पार्टियां उठाएंगी सपा में इस टूट का फायदा (रतन मणिलाल राजनीतिक समीक्षक )

ऐेसे समय पर जब उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी का अंदरूनी कलह अब चरम पर है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने तीखे तेवर दिखाते हुए अपने बेटे व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। हालांकि यह माना जा रहा था कि मुलायम सिंह के रहते पार्टी में दो फाड़ होना आसान नहीं है। वैसे भी मुलायम और अखिलेश की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची पर नजर डाली जाए तो 100-125 नाम ऐसे हैं जिनको ही समायोजित करने की बात होती।

मुलायम सिंह ने सख्त फैसला लेते हुए यह दिखा दिया है कि पार्टी में उनसे बड़ा कोई नहीं है। चाचा-भतीजा यानी शिवपाल-अखिलेश के बीच पहले उठे विवाद को पहले भी मुलायम सिंह के दखल पर ही निपटाया गया था। सपा सुप्रीमो नहीं चाहेंगे कि जिस पार्टी को उन्होंने सींचा है वह उनके रहते ही टूट जाए। लेकिन अब लगता है कि अब अखिलेश अपनी अलग राह चुनेंगे। हो सकता है कि उनकी मुख्यमंत्री की कुर्सी भी दांव पर हो।

देखना यह है कि उठापटक के इस दौर में अब अखिलेश और मुलायम सिंह के समर्थकों में कौन हावी रहता है। लेकिन यह बात भी सच है कि पार्टी के सिम्बल के बिना अखिलेश का चुनाव मैदान में उतरना खास फायदे का सौदा नहीं रहने वाला। अब इस फूट का फायदा उत्तरप्रदेश में लोकसभा चुनाव- 2014 का इतिहास दोहराने की जुगत में लगी भाजपा के अलावा बसपा व कांग्रेस कितना उठा पाती है, यह देखना है।

पारिवारिक कलह से टूटने के कगार पर पहुंची सपा का फिर से सत्ता पर काबिज होना इतना आसान नहीं। सीधे तौर पर भाजपा इस प्रदेश में मजबूती से दिखाई देगी क्योंकि उसे चुनौती सिर्फ सपा से ही मिलती दिखाई दे रही थी। सपा में इस टूटन से सबसे ज्यादा ऊहापोह की स्थिति में पार्टी के कार्यकर्ता हैं।

सपा कार्यकर्ताओं को बताना पड़ रहा है कि वे मुलायम- शिवपाल समर्थक हैं या फिर अखिलेश यादव समर्थक। किसी भी पार्टी के लिए ऐसी स्थिति तो नुकसानदेह ही रहती है। यह बात भी सही है कि उत्तरप्रदेश में सपा के पास मुख्यमंत्री पद के लिए अखिलेश यादव के अलावा कोई दूसरा चेहरा नहीं था।

अब यदि सुलह नहीं हुई तो मुलायम सिंह यादव ही पार्टी के मुख्यमंत्री के रूप में पेश किए जा सकते हैं। हां, इस विवाद का सबसे बड़ा नुकसान परोक्ष रूप से कांग्रेस को हुआ है जो सपा से गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरने की उम्मीद कर रही थीं। गठबंधन के सहारे सत्ता तक पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस को नया साथी तलाशना होगा। बसपा की बांछे जरूर खिल गई होगी क्योंकि प्रदेश में सपा के बाद बसपा ही ऐसी पार्टी है जिसके पास कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है। यह भी संभव है कि सपा फिर से उबर पाने की स्थिति में नहीं आ पाए। लेकिन राजनीति में असंभव कुछ भी नहीं है।


वर्चस्व की इस लड़ाई में सपा को होगा नुकसान (डॉ. एस.के.द्विवेदी राजनीतिक विश्लेषक)
महान राजनीतिक विज्ञानी अरस्तु ने कहा है कि कई बार पारिवारिक कलह राजनीतिक पतन का कारण बन जाती है। उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी(सपा) में आजकल यही हो रहा है। पारिवारिक कलह के कारण पार्टी टूटने के कगार पर है। अभी तक सपा में जो घटनाक्रम हुआ है उससे विधानसभा चुनाव में उसका नुकसान तो तय है।

सपा में अब खुलकर दो गुट बन चुके हैं जिनमें एक गुट का नेतृत्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं तो दूसरे गुट की कमान मुलायम सिंह के भाई, शिवपाल के हाथ में है। जो हालात बन रहे हैं उससे बहुत संभव है कि दोनों गुट अलग-अलग चुनाव लड़ें। ऐसी स्थिति में सपा के ही वोटों का बंटवारा होगा। देखा जाए तो यह मुलायम सिंह यादव की ही कमजोरी रही कि वह दल को विभाजन की कगार पर ले आए। बड़ा कारण उनका ठोस स्टैंड न लेना भी रहा। वे भाई शिवपाल या बेटे अखिलेश में से किसी एक के पक्ष में शुरुआत में ही खड़े हो जाते तो यह नौबत नहीं आती। हो सकता है कि मुलायम सिंह ने अंदरखाने और उजागर रूप से प्रयास भी किए हों, लेकिन अब ये स्पष्ट हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में सपा दोफाड़ ही मैदान में उतरेगी। चुनाव मे दोनों गुट एक-दूसरे को हराने में कोई कसर नहीं छोडेंग़े।

अखिलेश ने अपनी छवि विकास पुरुष के रूप मे बनाने की कोशिश की है जबकि शिवपाल और मुलायम की जातिगत समीकरणों पर ज्यादा विश्वास करते हैं और इसी आधार पर चुनाव लड़ते और लड़ाते हैं। इसके लिए उन्हें दागी या आपराधिक छवि के लोगों को टिकट देने में भी परहेज नहीं है।

मौटे तौर पर अखिलेश को युवा कार्यकर्ताओं का साथ मिल रहा है। दोनों गुटों के अलग-अलग चुनाव लडऩे पर अखिलेश का पलड़ा भारी रहने की संभावनाएं ज्यादा हैं लोग उगते सूरज को सलाम करते हैं, डूबते सूरज को नहीं। अखिलेश इस समय उगता सूरज है जबकि मुलायम-शिवपाल गुट डूबता सूरज। कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग अखिलेश के साथ चला जाएगा। कुछ लोग इस कलह को पार्टी योजनाबद्ध रणनीति मान रहे हैं।

शुरुआत में मुझे भी ऐसा लगा था कि सपा में चल रही कलह उसकी चुनावी रणनीति का ही हिस्सा हैं। लेकिन अब बात इतनी आगे बढ़ चुकी है कि यह सोची-समझी चुनावी रणनीति नहीं हो सकती। अब यह दोनों गुटों के लिए पार्टी पर वर्चस्व की लड़ाई बन गई है। अखिलेश को भी लग रहा है कि यदि वे परिवार के दबाव में आ गए तो फिर आगे भी इसी दबाव में ही काम करना पड़ेगा। वैसे भी चुनावी मैदान में इस बार सपा को कमजोर माना जा रहा है। इस झगड़े में उनका धड़ा हार भी जाता है तो अखिलेश को पारिवारिक दबावों से मुक्त रहने का मौका मिलेगा और विपक्ष में रहे तो पार्टी पर अपना नियंत्रण रख पाएंगे।
Published on: