
एआइ एक नुकसान भी है और नफा भी। लेकिन आज लोग अपने आराम व सुविधा के लिए प्रयोगवादी हो गए हैं। उन्हें बस अपने जटिल काम का झटपट समाधान चाहिए। दिलचस्प बात है कि इसलिए इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद से लेकर दैनिक कामकाज के औजार अब नए समाधानों के नाम पर एआइ से लैस किए जा रहे हैं।गौरतलब है कि मोबाइल और टीवी के बाद अब सैमसंग कंपनी 'बिक्सबी और क्नॉक्स' जैसी तकनीक का जेमिनी से एकीकरण कर रही है। जिससे फ्रिज, एसी और लॉन्ड्री उपकरणों में एआइ और एल्गोरिदम की जुगलबंदी से खाना बनाने में सहायता, घरेलू नोट्स लेने में मदद और विविध अलर्ट देने के विकल्प ईजाद किए गए हैं। इसी प्रकार एलजी कंपनी अपनी एआइ होम की रणनीति के तहत 'थिंक क्यू' ईकोसिस्टम के माध्यम से घरेलू उपकरणों को रोबोट से जोडऩे पर गहन शोध कर रही है। मतलब घरेलू उपकरण स्वचलित और मनमुताबिक कार्य करने में दक्ष होने जा रहे हैं। अमरीका की बात की जाए तो वहां 'अमेजन एस्ट्रो' घर के कैमरे से निगरानी वाला रोबोट, आपके परिवार के साथ संवाद करता है, आशंका होने पर मौके पर जांच करता है और मालिक को रिपोर्ट देता है।
वहीं 'आइ रूमबा' कंपनी के मॉडल गंदगी की पहचान कर बेहतरीन सफाई करने सहित पिछली साफ सफाई का डाटा भी रखते हैं। इसी प्रकार रे-बैन का चश्मा तो आपसे कई भाषाओं में बात करते हुए सलाह देता है, वीडियो भी बना देता है और अनुवाद से लेकर गूगल मैप की तरह रास्ता दिखाने में भी सक्षम है। मजेदार बात तो यह भी है कि एलजी का 'क्लॉइड' ह्यूमनॉइड तो घर के कपड़े और सामान सहेजने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। दूसरी ओर चीन में तो यूनिट्री रोबोटिक्स ने एक ऐसा डॉग यानी मशीनी श्वान विकसित किया है जो निरीक्षण, निगरानी और सेंसर शक्ति से संचालित होकर आपके घर के कई काम करने में दक्ष है।
दिलचस्प बात यह भी है कि ब्रिटेन और यूरोप के फैशन बाजारों में अब निजता सुरक्षित रखने के लिए 'एडवर्सरियल क्लोदिंग' यानी पहचान सुरक्षा परिधान लोकप्रिय हो रहे हैं। अर्बन प्राइवेसी कंपनी की मानें तो यह कपड़े सार्वजनिक स्थलों पर चेहरा पहचानने वाले सीसीटीवी कैमरों को चकमा देने में सक्षम हैं। वहीं दूसरी कंपनी कैपेबल के कपड़े एआइ कैमरों को गुमराह कर देते हैं। खास बात यह है कि ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल लोग अपनी प्राइवेसी ही नहीं रंगभेद जैसी चुनौतियों के चलते भी करने लगे हैं। वहीं हमारे देश में शिक्षा सुलभ कराने और सवालों का जवाब देने के लिए आइआइटी मद्रास ने 'बोधन' नामक एआइ चैटबॉट तैयार किया है। यानी विद्यार्थी जहां भी हो वहां एआइ उसे पढ़ाता रहेगा। यही नहीं, शिक्षण की गुणवत्ता और कौशल विकास के लिए शिक्षकों को भी एआइ के पाठ सिखाए जा रहे हैं। वहीं एआइ ने तो अब किताब को ही टॉकिंग टीचर बना दिया है। बुक कंपैनियन के कई 'आस्क द बुक' एआइ समाधान जैसे सिनाइ एआइ, ऑडिबल, किंडल और आइ चैट बुक किताबों से बात करने की सुविधा देते हैं।
बहरहाल, टेस्ला के सीइओ एलन मस्क कहते हैं कि आगे चलकर एआइ इशारों पर काम करेगा और आदमी आराम फरमाएगा। उनका तर्क है कि तब मनुष्यों के काम बदल जाएंगे। यानी कि जो सामान्य कार्य आज हम दिनभर करते हैं वह एआइ के हवाले होंगे किंतु हमें निगरानी और नियंत्रण पर केंद्रित होकर बहुत सतर्कता बरतनी होगी। इन चमत्कारिक, उत्पादक व समय बचाने वाले समाधानों को जिस तेजी से जीवन में शामिल किया जा रहा है। उतनी ही आशंकाएं भी आकार ले रही हैं। जैसे कि हमारे घर में यांत्रिक नौकर वाले समाधान क्या हमारी जासूसी कर लेंगे, हमारी निजता व दैनिक गतिविधियों का रिकॉर्ड किसी और के हवाले कर देंगे, क्या इन समाधानों पर निर्भर होकर हम स्वाभाविक प्रबंधन और हुनर खो देंगे?कहा जा सकता है कि जब तक एआइ समाधानों को ऐसी अनेक सावधानियों और अचूक सुरक्षा पैमानों पर विकसित नहीं किया जाता, तब तक नफा करने वाले एआइ औजार पर भरोसा करना मुश्किल होगा। यह मामला अब सिर्फ अग्नि परीक्षा का नहीं बल्कि डिजिटल सुरक्षा के पेचीदा इम्तिहान पर जा टिका है।
डॉ. सचिन बत्रा,(वरिष्ठ पत्रकार एवं तकनीकी विशेषज्ञ)